Maharashtra Weather Update: महाराष्ट्र में कहीं गर्मी और लू कहर बरपा रही है, तो कहीं बारिश का मौसम देखने को मिल रहा है। राज्य के कई हिस्सों में तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण तापमान लगातार तेजी से बढ़ रहा है। हीटवेव के चलते लोगों का जनजीवन प्रभावित हो रहा है। मौसम विभाग ने आज यानी 14 मई को महाराष्ट्र के कई जिलों में लू और भीषण गर्मी को लेकर अलर्ट जारी किया है। खासतौर से मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा और विदर्भ के इलाकों में तापमान में बढ़ोत्तरी दर्ज की जा सकती है।
महाराष्ट्र के इन जिलों में लू का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार को उत्तर महाराष्ट्र और मराठवाड़ा के कई जिलों में लू के हालात बन सकते हैं। इस दौरान जलगांव, अहिल्यानगर, नासिक, पुणे समेत आसपास के इलाकों में हीटवेव चलने की संभावना है। वहीं छत्रपति संभाजीनगर, जालना, बीड, परभणी, हिंगोली और नांदेड़ जिलों में भी येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने विदर्भ के अकोला, अमरावती और वर्धा जिलों में भी लोगों को दिन के समय सतर्क रहने की सलाह दी है।
महाराष्ट्र में आज कहां-कहां होगी बारिश
महाराष्ट्र में गुरुवार को कुछ हिस्सों में बारिश की संभावना भी देखने को मिल रही है। IMD के मुताबिक दक्षिण मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा के कुछ इलाकों में आज गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं। इस दौरान 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं। कोंकण क्षेत्र में भी कहीं-कहीं बारिश का अनुमान है। लेकिन यहां पर उमस भी लोगों को परेशान कर सकती है। मौसम विभाग के अनुसार महाराष्ट्र में अगले चार दिनों में आंतरिक हिस्सों में तापमान 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है। दिन के साथ ही रात में भी लोगों को गर्मी परेशान करेगी। कई इलाकों में ‘गर्म रातें’ रहने का पूर्वानुमान जताया गया है।
आज मुंबई का मौसम
मुंबई और आसपास के इलाकों में आज यानी 14 मई को आंशिक तौर पर बादल छाए रहेंगे। शाम तक मौसम साफ होने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार मुंबई में गुरुवार को अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने के आसार हैं।
