शहर

दिल्ली में 98 Kmph के आंधी-तूफान से बिगड़ा फ्लाइट शेड्यूल, 500 से अधिक उड़ानें प्रभावित

दिल्ली में बुधवार को तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि ने मौसम का अचानक मिजाज बदल दिया। 100 किमी प्रति घंटे की रफ्तार वाली तेज हवाओं की वजह से 500 से अधिक फ्लाइट्स प्रभावित हुईं। कई उड़ानों को डायवर्ट करना पड़ा।

Image

खराब मौसम से 500 से ज्यादा फ्लाइट्स प्रभावित

Delhi Flight Delay: दिल्ली में बुधवार शाम मौसम में अचानक बड़ा बदलाव देखने को मिला। राजधानी में तेज आंधी के साथ बारिश हुई और कई इलाकों में ओले भी गिरे। इस दौरान हवाओं की रफ्तार 100 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच गई। बिगड़े मौसम के कारण जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ। मौसम का सबसे ज्यादा असर हवाई सेवाओं पर पड़ा, जहां 500 से अधिक फ्लाइट्स में देरी हुई। वहीं 15 उड़ानों को दूसरे एयरपोर्ट की ओर डायवर्ट किया गया और 6 विमानों ने लैंडिंग के दौरान दोबारा उड़ान भरी।

पालम में चली 98KM की रफ्तार से आंधी

मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को शाम 8 बजे के बाद मौसम ने अचानक खतरनाक रूप ले लिया। इस दौरान मौसम तेजी से बिगड़ा, जिसे देखते हुए IMD ने उत्तर, दक्षिण-पश्चिम और दक्षिण-पूर्व दिल्ली के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी कर दिया। राजधानी के पालम इलाके में तेज आंधी चली, यहां हवाओं की रफ्तार 98 किलोमीटर प्रति घंटे दर्ज की गई। वहीं सफदरजंग और पूसा में हवा की स्पीड 72 किलोमीटर प्रति घंटा रही। इसके अलावा दक्षिण और दक्षिण-पश्चिम दिल्ली में धौला कुआं, मोती बाग और उत्तम नगर जैसे इलाकों में ओले भी गिरे।

दिल्ली में दिन में उमस रात में बारिश

मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को पालम में 2 मिमी और सफदरजंग में 1.8 मिमी बारिश दर्ज की गई। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि दिनभर की तेज गर्मी और पश्चिमी विक्षोभ के कारण ऐसा मौसम बना। राजधानी में दिन में हुई हल्की बूंदाबांदी और तेज हवाओं के चलते लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिली थी। लेकिन उमस की वजह से शाम तक 44 डिग्री सेल्सियस तक तापमान महसूस हुआ। हालांकि वास्तविक अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे ही दर्ज हुआ।

दिल्ली में 14 मई को कैसा रहेगा मौसम

IMD के अनुसार, दिल्ली में गुरुवार से बारिश की संभावना नहीं है। मौसम साफ रहने के कारण आगामी दिनों में एक बार फिर तापमान में तेजी से बढ़ोत्तरी हो सकती है। जिसके चलते रविवार तक दिल्ली का तापमान 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। मौसम विशेषज्ञों ने उत्तर-पश्चिम भारत के कई हिस्सों में हीटवेव का अलर्ट भी दिया है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article