शहर

Gujarat: आसमानी आफत से समुद्र गुस्से से लाल! अमरेली में अरब सागर में समाईं 2 नौकाएं; 8 मछुआरे लापता

गुजरात के अमरेली जिले के तट पर अरब सागर में मंगलवार शाम खराब मौसम के कारण दो नौकाएं पलट गईं, जिससे आठ मछुआरे लापता हो गए जबकि 10 मछुआरों को बचा लिया गया है।

Image

अरब सागर का किनारा (फोटो-@Vargisha_Ramani)

अमरेली : गुजरात के अमरेली जिले के तट पर अरब सागर में मंगलवार शाम खराब मौसम के कारण दो नौकाएं पलट गईं, जिससे आठ मछुआरे लापता हो गए जबकि 10 मछुआरों को बचा लिया गया है। राजुला के उप-विभागीय मजिस्ट्रेट (एसडीएम) मेहुल बारासरा ने बताया कि स्थानीय मछुआरों और तटरक्षक बल की मदद से लापता लोगों की तलाश और बचाव अभियान शुरू कर दिया गया है। यह हादसा शाम करीब छह बजे उस दौरान हुआ जब अमरेली जिले के जाफराबाद शहर के तट से लगभग 19 समुद्री मील दूर समुद्र में 18 मछुआरों को लेकर जा रही दो नौकाएं पलट गई थीं।

अधिकारी ने बताया कि दोनों नौकाओं में नौ-नौ मछुआरे सवार थे, लेकिन खराब मौसम के कारण यह पलट गई। उनमें से 10 को पास में मौजूद दूसरी नौका से तुरंत बचा लिया गया, लेकिन दोनों नौकाओं के आठ-आठ लोग लापता हैं। एसडीएम ने बताया कि समुद्र की खराब स्थिति के कारण खोज एवं बचाव अभियान में तटरक्षक के हेलीकॉप्टर के बजाय नौकाओं की मदद ली जा रही है।

कैसा रहेगा गुजरात का मौसम

स्काईमेट के मुताबिक, उत्तर-पूर्वी अरब सागर और गुजरात के पास चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। 19 अगस्त को सौराष्ट्र और दक्षिणी तटीय गुजरात में व्यापक बारिश होगी। अगले दो दिनों यानी 20 और 21 अगस्त में इसका दायरा बढ़कर पूरे दक्षिणी तटीय गुजरात, सौराष्ट्र और कच्छ तक पहुंच जाएगा। खतरे में रहने वाले प्रमुख शहरों में दक्षिण गुजरात के सूरत, वलसाड, नवसारी, वापी और भरूच शामिल हैं। साथ ही सौराष्ट्र क्षेत्र में भावनगर, महुवा, जाफराबाद, वेरावल, गिर सोमनाथ, दीव, जूनागढ़, पोरबंदर, द्वारका, ओखा, जामनगर, मोरबी और राजकोट प्रभावित हो सकते हैं। वहीं कच्छ के भुज, मांडवी, नलिया, लाखपत, अंजार, भचाऊ, कांडला और गांधीधाम में भी भारी बारिश का खतरा मंडरा रहा है।

अहमदाबाद, गाँधीनगर, वडोदरा, आनंद, खेड़ा, अरावली, दाहोद, मेहसाणा, पालनपुर, साबरकांठा और बनासकांठा ये सभी जिले तेज बारिश से बच जाएंगे। यहाँ केवल मध्यम बारिश दर्ज होगी। पूरे गुजरात में 23 अगस्त से मौसम में सुधार की उम्मीद है।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article