वायरल न्यूज़

बेटी के सामने पिता को जिताने के लिए ताकतवर खिलाड़ी ने मान ली हार, VIDEO देख भावुक हुए लोग

बेटी के सामने पिता को जिताने के लिए ताकतवर खिलाड़ी ने जान-बूझकर हार मान ली। पिता की जीत पर खुशी से उछलती बच्ची का यह वीडियो सोशल मीडिया पर लोगों का दिल जीत रहा है।

Image

बच्ची की खुशी के लिए ताकतवर खिलाड़ी ने उसके पिता के सामने मान ली हार (X/@TheFigen_)

सोशल मीडिया (Social Media) पर कई बार ऐसे वीडियो सामने आते हैं, जो बिना कुछ कहे दिल को छू जाते हैं। इन दिनों ऐसा ही एक वीडियो लोगों का ध्यान खींच रहा है। इसमें एक ताकतवर खिलाड़ी एक पिता के साथ हाथ की कुश्ती करता दिखाई देता है। मुकाबले में खिलाड़ी जीत सकता था, लेकिन उसने कुछ ऐसा किया कि वहां मौजूद एक छोटी बच्ची खुशी से झूम उठी। इस पल का वीडियो लोगों को भावुक कर रहा है।

बेटी पापा के लिए कर रही थी चीयर

सोशल मीडिया पर @TheFigen_ नाम के अकाउंट से शेयर किए गए इस वीडियो के साथ बताया गया कि खिलाड़ी ने जान-बूझकर हार मान ली, ताकि छोटी बच्ची अपने पिता को सबसे मजबूत इंसान समझे। वीडियो में प्रोफेशनल आर्म-रेसलर लियोनिडास अर्कोना एक जगह बैठकर हाथ की कुश्ती करते नजर आते हैं। उनकी ताकत के सामने अच्छे-अच्छे लोग टिक नहीं पाते। इसी दौरान एक पिता अपनी छोटी बेटी के साथ वहां पहुंचते हैं और खिलाड़ी से मुकाबला करने लगते हैं। मुकाबला शुरू होते ही बच्ची अपने पापा का हौसला बढ़ाने लगती है। वह बड़ी उम्मीद के साथ उन्हें देखती है और चाहती है कि उसके पापा ही जीतें। उसके चेहरे पर उत्साह साफ नजर आता है।

टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें:

खिलाड़ी ने अपनी ताकत का नहीं किया पूरा इस्तेमाल

मुकाबले के दौरान बच्ची की खुशी और अपने पिता के लिए उसका भरोसा इस पल को खास बना देता है। वीडियो के साथ शेयर की गई जानकारी के मुताबिक, खिलाड़ी ने बच्ची के उत्साह को देखते हुए मुकाबले में अपनी पूरी ताकत नहीं लगाई और पिता को जीतने दिया। जैसे ही पिता मुकाबला जीतते हैं, बच्ची खुशी से उछल पड़ती है। वह तालियां बजाती है और अपने पापा के पास जाकर उनसे लिपट जाती है। उसके लिए यह जीत किसी बड़ी प्रतियोगिता में जीत हासिल करने से कम नहीं थी। उस छोटी-सी बच्ची के चेहरे की खुशी देखकर अंदाजा लगाया जा सकता है कि उसके लिए अपने पापा को जीतते देखना कितना खास था।

लोगों का दिल जीत रहा है यह वीडियो

इस वीडियो (Video) को पसंद करने वाले लोग खिलाड़ी के इस कदम की तारीफ कर रहे हैं। कई लोगों का मानना है कि किसी दूसरे की खुशी के लिए अपनी जीत छोड़ देना भी बड़ी बात है। हालांकि, वीडियो के साथ दी गई जानकारी के मुताबिक ही खिलाड़ी के जान-बूझकर हारने की बात कही जा रही है।

डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।

Pankaj Yadav
पंकज यादवauthor

पंकज यादव टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में वायरल और ट्रेंडिंग कंटेंट तैयार करते हैं। कंटेंट राइटिंग में 6 वर्षों का अनुभव रखने वाले पंकज सोशल मीडिया ट्रेंड्स, ह्यूमन इंटरेस्ट और ऑफबीट न्यूज दिलचस्प और यूजर-फ्रेंडली अंदाज में लिखने में माहिर हैं और अबतक आठ हजार से अधिक कंटेंट प्रकाशित कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article