शहर

UP : कुट्टू आटे से बना भोजन खाने से फूड प्वाइजनिंग, उल्टी-दस्त से परेशान ADM समेत 50 लोग हॉस्पिटल में भर्ती

उत्तर प्रदेश के बागपत और बिजनौर में कुट्टू से बना फलाहार खाने से एडीएम समेत करीब 50 लोग बीमार पड़ गए। सभी को उपचार के लिए जिला संयुक्त अस्पताल और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बड़ौत में भर्ती कराया गया है।

Image

(सांकेतिक फोटो-Istock)

यूपी के बागपत और बिजनौर जिलों में एक अपर जिलाधिकारी समेत करीब 50 लोग कुट्टू के आटा से बना फलाहार खाने से बीमार पड़ गये। नवरात्र के दौरान बागपत जिले में कुट्टू के आटे से बना भोजन खाने के बाद अपर जिलाधिकारी (एडीएम-न्यायिक) शिव नारायण सिंह समेत डेढ़ दर्जन से अधिक लोग बीमार हो गए। सभी को उपचार के लिए जिला संयुक्त अस्पताल और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बड़ौत में भर्ती कराया गया है। अधिकारियों के अनुसार, गुरुवार की शाम शिव नारायण सिंह, उनके सहायक कर्मचारी सतीश कश्यप तथा अन्य लोगों ने कुट्टू के आटे से बने व्यंजन का सेवन किया था। इसके कुछ ही देर बाद उन्हें उल्टी, बेचैनी और अन्य दिक्कतें महसूस होने लगीं। स्थिति बिगड़ने पर सभी को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।

इस घटना में कासिमपुर खेड़ी गांव के एक ही परिवार के नौ सदस्य, मलकपुर गांव के छह लोग तथा बावली गांव के दो लोग भी शामिल हैं, जो विषाक्त भोजन खाने से प्रभावित हुए और उन्‍हें उपचार की जरूरत पड़ी। घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग और खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने जांच शुरू कर दी है।

खाद्य सुरक्षा विभाग के उपायुक्त डी पी सिंह ने बताया कि संबंधित कुट्टू के आटे के स्रोत का पता लगाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जिस दुकानदार द्वारा यह आटा बेचा गया है, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही संदिग्ध दुकानों से नमूने लेकर जांच की जाएगी।

उन्होंने कहा कि बाजार में कुट्टू के मिलावटी आटे की बिक्री किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। फिलहाल सभी मरीजों की हालत स्थिर बताई जा रही है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे केवल विश्वसनीय और पैक्ड खाद्य सामग्री का ही उपयोग करें।

कुट्टू का आटा से बना खाना खाने से बीमार

उधर, बिजनौर जिले में नवरात्र के पहले दिन बृहस्पतिवार को कुट्टू का आटा से बना भोजन खाने से करीब 30 लोग उल्टी, दस्त का शिकार हो गए। मुख्‍य चिकित्‍सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ कौशलेन्द्र सिंह ने बताया कि मंडावली और नजीबाबाद के सिकरोड़ा, लाहक कला, मोहनपुर और खैरुल्लापुर में लगभग 30 लोग कुटटू के आटे से बना भोजन खाने के कारण उल्टी, दस्त से पीड़ित हो गये।

उन्‍होंने बताया कि अधिकतर को समीपुर अस्पताल नजीबाबाद भर्ती कराया गया। कुछ मरीजों ने निजी अस्पतालों मे भी उपचार कराया। सीएमओ ने बताया कि अब स्थिति नियंत्रण में है। खाद्य विभाग कुट्टू आटा बेचने वाली नजीबाबाद की दुकान से नमूने लेकर जांच कराकर नियमानुसार कार्रवाई करेगा।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article