शहर

भोपाल में ट्रैक्टर-ट्रॉली और लोडर में जबरदस्त भिडंत, 5 लोगों की मौत; कई घायल

मृतक विदिशा जिले के सिरोंज क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं। ये सभी लोग एक लोडर में सवार होकर सिरोंज से होशंगाबाद नहाने के लिए जा रहे थे, तभी रास्ते में बैरसिया के पास यह भीषण दुर्घटना हो गई।

tractor trolley accident MP

एमपी में सड़क हादसा

भोपाल : जिले के बैरसिया थाना क्षेत्र में बुधवार-गुरुवार की देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि 10 से अधिक लोग घायल हो गए। यह हादसा बैरसिया के विद्या विहार स्कूल के पास हुआ, जहां एक ट्रैक्टर-ट्रॉली और लोडिंग वाहन के बीच आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत हो गई।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, सभी मृतक विदिशा जिले के सिरोंज क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं। ये सभी लोग एक लोडर में सवार होकर सिरोंज से होशंगाबाद नहाने के लिए जा रहे थे, तभी रास्ते में बैरसिया के पास यह भीषण दुर्घटना हो गई। हादसे के बाद स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस और एंबुलेंस तत्काल मौके पर पहुंची। घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।

दुर्घटना की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम आशुतोष शर्मा मौके पर पहुंचे और अस्पताल में घायलों से मुलाकात कर स्थिति का जायजा लिया। वहीं विष्णु खत्री, विधायक बैरसिया (भोपाल) भी अस्पताल पहुंचे और पीड़ित परिवारों से चर्चा की। प्रशासन द्वारा घायलों के इलाज की समुचित व्यवस्था कराई जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हादसे के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है। यह पूरा मामला बैरसिया थाना क्षेत्र का है।

बेरसिया थाना प्रभारी विजेंद्र सेन ने बताया कि नर्मदापुरम की ओर जा रही पिकअप और नर्मदापुरम से मकर संक्रांति के पर्व पर स्नान कर लौट रहे श्रद्धालुओं की टैक्टर-ट्रॉली की भोपाल जिले की बेरसिया तहसील के बाहरी इलाके में टक्कर हो गई।उन्होंने बताया कि पिकअप वाहन में सवार सिरोंज निवासी मुकेश अहिरवार (40), बबरी बाई (60), दीपक (14), लक्ष्मी बाई (60) और हरि बाई (60) की मौके पर ही मौत हो गई।

सेन ने बताया कि दोनों वाहनों में सवार तीन बच्चों समेत कुल 10 लोग घायल हुए हैं। घायलों को इलाज के लिए भोपाल के हमीदिया अस्पताल और अन्य निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।

उन्होंने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। क्षतिग्रस्त वाहनों में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया और दोनों वाहनों को जब्त कर लिया गया है। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

Pushpendra Kumar
Pushpendra Kumar author

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ... और देखें

End of Article