Meerut News: उत्तर प्रदेश की मेरठ पुलिस को बंद पड़ी फैक्ट्रियों में डकैती डालने वाले एक शातिर गिरोह का पर्दाफाश करने में बड़ी सफलता मिली है। लोहियानगर थाना पुलिस ने गाजियाबाद निवासी तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी के बाद हथियारों की बरामदगी के दौरान बदमाशों ने पुलिस टीम पर जानलेवा हमला कर दिया, जिसके बाद हुई जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गया।
प्लेट फ्रीजरों से चुराई थीं कीमती प्लेटें
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, लोहियानगर थाना क्षेत्र के अल्लीपुर स्थित बंद पड़ी 'अलफईम मीट फैक्ट्री' से 4-5 सितंबर की रात दो प्लेट फ्रीजरों की 30 प्लेटें चोरी हुई थीं। इससे पूर्व, 15-16 अगस्त की रात 'तान्या फैक्ट्री' के दो प्लेट फ्रीजरों से भी 32 प्लेटें चोरी की गई थीं। प्राथमिक जांच और साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने दोनों मामलों में डकैती समेत अन्य संगीन धाराएं जोड़ी थीं।
हापुड़-मेरठ रोड से दबोचे गए तीनों आरोपी
लोहियानगर पुलिस ने गुरुवार को हापुड़-मेरठ रोड पर खत्ते के पास घेराबंदी कर गाजियाबाद निवासी दानिश उर्फ चाचा (26), शहजाद उर्फ भूरा (30) और रियाजुद्दीन उर्फ रियाजू (32) को गिरफ्तार कर लिया। कड़ाई से की गई पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वारदात में इस्तेमाल अवैध असलहे उन्होंने हाजीपुर-अल्लीपुर के पास निर्माणाधीन लिंक रोड की झाड़ियों में छिपा रखे हैं।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें- ग्रेटर नोएडा में आज से अंतरराष्ट्रीय ट्रेड शो का आगाज; अमित शाह और सीएम योगी करेंगे उद्घाटन, जानें ट्रैफिक व रूट प्लान
बरामदगी के दौरान पुलिस पर की फायरिंग
जब पुलिस टीम आरोपियों की निशानदेही पर हथियार बरामद कराने पहुंची, तो बदमाशों ने झाड़ियों में छिपाकर रखे तमंचों से पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी दानिश के बाएं पैर में गोली लग गई और वह वहीं गिर पड़ा। पुलिस ने मौके से तीनों आरोपियों को दबोचते हुए तीन तमंचे (.315 बोर) और दो खोखा कारतूस बरामद किए। घायल दानिश को इलाज के लिए पीएल शर्मा अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुराना है आपराधिक इतिहास
पुलिस ने बताया कि पकड़े गए तीनों बदमाशों का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है। आरोपी दानिश के खिलाफ गाजियाबाद, अलीगढ़, मुजफ्फरनगर और मेरठ के विभिन्न थानों में कई मुकदमे दर्ज हैं। वहीं, शहजाद और रियाजुद्दीन के खिलाफ भी चोरी, बिजली अधिनियम और लोहियानगर की हालिया डकैती समेत कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। घटना के संबंध में लोहियानगर थाने में हत्या के प्रयास और आयुध अधिनियम के तहत नया मुकदमा दर्ज कर अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
