शहर

370 रुपये की बिरयानी वाले विवाद में नया मोड़, NCW ने ठुकराई प्रणीत मोरे और हिमांशु की माफी

राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW) ने महिलाओं पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणियों के मामले में स्टैंड-अप कॉमेडियन प्रणीत मोरे, मधुर विरली और दर्शक हिमांशु जांगड़ा की माफी को खारिज कर दिया। आयोग ने कहा कि अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के नाम पर महिलाओं की गरिमा को ठेस नहीं पहुंचाई जा सकती। तीनों को अब अगली सुनवाई में फिर पेश होना होगा।

Image

Image Source: Pranit More Instagram

राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW) ने महिलाओं के खिलाफ कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के मामले में सोमवार को स्टैंड-अप कॉमेडियन प्रणीत मोरे, मधुर विरली और एक दर्शक हिमांशु जांगड़ा की माफी को खारिज कर दिया। आयोग ने तीनों की दलीलें सुनने के बाद यह फैसला लिया। सूत्रों ने बताया कि सुनवाई के दौरान तीनों ने माफी मांगी, लेकिन आयोग ने उनकी माफी स्वीकार नहीं की और उन्हें अगली तारीख पर पेश होने का निर्देश दिया।

सुनवाई के दौरान, आयोग की अध्यक्ष विजया रहाटकर ने कॉमेडी के नाम पर इस तरह की अपमानजनक सामग्री को बढ़ावा देने और उसे सामान्य बनाने पर गहरी चिंता और नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने स्पष्ट रूप से दोहराया कि आयोग रचनात्मक स्वतंत्रता का समर्थन करता है, लेकिन अभिव्यक्ति की आजादी का मतलब यह कतई नहीं है कि महिलाओं की शारीरिक स्वायत्तता के उल्लंघन को सामान्य माना जाए या बलात्कार और हत्या जैसे जघन्य अपराधों को मनोरंजन की सामग्री में बदल दिया जाए।

महिला गरिमा को ठेस पहुंचाने वाली कथित टिप्पणियों के सिलसिले में राष्ट्रीय महिला आयोग ने मोरे और जांगड़ा को अपने समक्ष पेश होने के लिए समन जारी किया था। आयोग ने एक अलग मामले में स्टैंड-अप एक्ट के दौरान महिलाओं के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी करने के लिए विरली को भी समन भेजा था।

क्या है 370 बिरयानी विवाद?

यह विवाद तब शुरू हुआ, जब जांगड़ा ने शो के दौरान एक ’डेट’ (मुलाकात) पर जाने का जिक्र किया, जिसमें उन्होंने चिकन बिरयानी की एक प्लेट पर 370 रुपये खर्च किए थे। जब महिला ने उन्हें घर छोड़ने के लिए कहा, तो जांगड़ा ने कहा कि उन्होंने बिरयानी पर खर्च किए गए पैसों के बदले "अंतरंग होने" की मांग की। जांगड़ा की इस बात पर मोरे को "हंसते" हुए देखा गया। बाद में, सोशल मीडिया पर आलोचना होने के बाद मोरे और जांगड़ा, दोनों ने इस घटना के लिए माफी मांगी। जांगड़ा ने अपना इंस्टाग्राम अकाउंट भी निष्क्रिय कर दिया। गुरुग्राम की एक कंपनी ने "370 रुपये की बिरयानी" वाली टिप्पणी के कारण जांगड़ा को नौकरी से निकाल दिया।

(इनपुट - भाषा)

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article