शहर

राजस्थान में 25 IAS 9 IPS के तबादले , जानें किसे कहां मिली जिम्मेदारी

राजस्थान सरकार ने 25 आईएएस अधिकारी और 9 आईपीएस अधिकारियों के तबादले किए हैं। वरिष्ठ आईएएस अधिकारी वी सरवन कुमार को जयपुर का संभागीय आयुक्त नियुक्त किया गया है। आईएएस पूनम को जयपुर के संभागीय आयुक्त पद से तबादला महिला एवं बाल विकास विभाग में सचिव पद पर किया है।

Image

राजस्थान में प्रशासनिक फेरबदल

जयपुर : राजस्थान सरकार ने प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल करते हुए भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के 25 और भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के 9 अधिकारियों के तबादले किए हैं। राज्य के कार्मिक विभाग द्वारा जारी आदेश में यह जानकारी दी गई। इस फेरबदल में कई वरिष्ठ अधिकारियों की जिम्मेदारियों में बदलाव किया गया है, जबकि कुछ को नई महत्वपूर्ण नियुक्तियां दी गई हैं।

जारी आदेश के अनुसार वरिष्ठ आईएएस अधिकारी वी. सरवन कुमार को जयपुर का नया संभागीय आयुक्त नियुक्त किया गया है। वहीं, अब तक जयपुर की संभागीय आयुक्त रहीं आईएएस अधिकारी पूनम का तबादला कर उन्हें महिला एवं बाल विकास विभाग में सचिव के पद पर भेजा गया है। इसके अलावा सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव अपर्णा अरोड़ा को खान एवं पेट्रोलियम विभाग में अतिरिक्त मुख्य सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

सरकार ने राजस्व मंडल के अध्यक्ष हेमंत गेरा का भी तबादला करते हुए उन्हें जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग (पीएचईडी) में प्रमुख शासन सचिव बनाया है। इस प्रशासनिक फेरबदल में कई अन्य अधिकारियों की जिम्मेदारियों में भी बदलाव किया गया है ताकि विभागों में कामकाज को अधिक प्रभावी बनाया जा सके।

नए पुलिस कप्तानों की तैनाती

इसी क्रम में राज्य सरकार ने भारतीय पुलिस सेवा के नौ अधिकारियों के तबादले और नई पदस्थापनाएं भी की हैं। इन आदेशों के तहत कई जिलों में नए जिला पुलिस अधीक्षक (एसपी) नियुक्त किए गए हैं। जयपुर ग्रामीण, बाड़मेर, चूरू, झुंझुनू और सवाई माधोपुर सहित कई जिलों में नए पुलिस कप्तानों की तैनाती की गई है।

राज्य सरकार समय-समय पर प्रशासनिक और पुलिस महकमे में इस तरह के फेरबदल करती रहती है, ताकि प्रशासनिक व्यवस्था को और मजबूत बनाया जा सके तथा कानून-व्यवस्था और सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाई जा सके। हाल के दिनों में भी राज्य में कई स्तरों पर अधिकारियों के तबादले किए गए हैं।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article