बिजनेस

Pakistan Share Market: चीन-सऊदी-यूएई की मदद से पाकिस्तान का शेयर बाजार गुलजार, सेंसेक्स को छोड़ा पीछे

Pakistan Share Market: बीते 3 महीनों में सेंसेक्स जहां केवल 1.37 फीसदी चढ़ा है, वहीं केएसई 100 इस दौरान 11.45 फीसदी मजबूत हुआ। 6 महीनों में सेंसेक्स 10.76 फीसदी मजबूत हुआ है, वहीं केएसई 100 42 फीसदी मजबूत हुआ।

Image

पाकिस्तान का शेयर बाजार गुलजार

KEY HIGHLIGHTS
  • पाकिस्तान के शेयर बाजार में तेजी
  • सेंसेक्स ने केएसई 100 को पीछे छोड़ा
  • चीन-सऊदी-यूएई की मदद का असर

Pakistan Share Market: कुछ समय से भारतीय शेयर बाजार एक रेंज में कारोबार कर रहा है। मगर भारत के पड़ोसी देश पाकिस्तान में इक्विटी मार्केट में मजबूत तेजी चल रही है। कराची स्टॉक इंडेक्स-100 (KSE 100) पाकिस्तान का बेंचमार्क स्टॉक मार्केट इंडेक्स है। देश में आर्थिक सुधार और राजनीतिक स्थिरता को लेकर बढ़ती आशा के बीच KSE 100 71092.61 के ऑल-टाइम हाई पर पहुंच गया है। इस तेजी के बीच केएसई 100 ने अलग-अलग समय-सीमाओं में परफॉर्मेंस के मामले में सेंसेक्स को पीछे छोड़ दिया है, जैसे कि 3 महीने, 6 महीने और 1 साल। इसने सेंसेक्स को एक बड़े अंतर से पीछे छोड़ा है।

ये भी पढ़ें -

किसका कैसा रहा परफॉर्मेंस

  • बीते 3 महीनों में सेंसेक्स जहां केवल 1.37 फीसदी चढ़ा है, वहीं केएसई 100 इस दौरान 11.45 फीसदी मजबूत हुआ
  • 6 महीनों में सेंसेक्स 10.76 फीसदी मजबूत हुआ है, वहीं केएसई 100 42 फीसदी मजबूत हुआ
  • 1 साल में सेंसेक्स 22.03 फीसदी मजबूत हुआ है, वहीं केएसई 100 74 फीसदी से अधिक मजबूत हुआ

क्यों आ रही केएसई 100 में तेजी

वास्तव में, 2023 में, पाकिस्तान का केएसई 100 50% से अधिक मजबूती के साथ टॉप प्रदर्शन करने वाले ग्लोबल इंडेक्सों में से एक रहा। अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) ने जुलाई 2023 में पाकिस्तान को 3 अरब डॉलर की महत्वपूर्ण राहत राशि दी, जिससे देश लोन पेमेंट डिफॉल्ट से बच गया।

इससे निवेशकों के बीच पॉजिटिव संकेत गया और केएसई 100 को फायदा मिला। नवंबर 2023 में, सूचकांक ने मई 2017 में अपने पिछले रिकॉर्ड उच्च स्तर को तोड़ दिया था।

सऊदी अरब ने भी की मदद

आईएमएफ की मंजूरी सऊदी अरब द्वारा पाकिस्तान के केंद्रीय बैंक में 2 अरब डॉलर जमा करने के ठीक एक दिन बाद आई। चीन और संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) ने भी नकदी संकट से जूझ रहे देश की मदद की है।

पाकिस्तान में महंगाई में भी गिरावट आई है, फिर भी यह 23% के उच्च स्तर पर बनी हुई है। पिछले दो वर्षों में, अमेरिकी डॉलर के मुकाबले पाकिस्तानी रुपये में 50% से अधिक की गिरावट आई है, जिससे देश की समस्याएं बढ़ गई हैं।

भारत के सामने बौना है पाकिस्तानी शेयर बाजार

पाकिस्तान की कुल मार्केट कैपिटल 33 अरब डॉलर है। वहीं भारत की सबसे बड़ी कंपनी, रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड (आरआईएल) की अकेले ही मार्केट कैपिटल 230 अरब डॉलर की है।

Kashid Hussain
काशिद हुसैन author

<p>काशिद हुसैन अप्रैल 2023 से Timesnowhindi.Com (टाइम्स नाउ नवभारत) के साथ काम कर रहे हैं। यहां पर वे सीनियर कॉरेस्पोंडेंट हैं। टाइम्स नाउ नवभारत की बिजनेस टीम में वह शेयर मार्केट, म्यूचुअल फंड और आर्थिक जगत से जुड़ी सभी तरह की स्टोरी और वेब स्टोरी करते हैं। रिसर्च आधारित स्टोरी के लिए नए एंगल तलाश करना और रीडर्स की रुचि के अनुसार कॉपी लिखने पर फोकस रहता है। शेयर बाजार में खास रुचि है और इससे जुड़ी रियल टाइम खबरें कम समय में लगाने में विशेषज्ञता है। मीडिया में काम करने का 8 वर्षों का अनुभव है, जिसमें गुडरिटर्न्स और शेयर मंथन वेबसाइटों के अलावा निवेश मंथन पत्रिका में भी काम किया है। दिल्ली यूनिवर्सिटी से हिंदी पत्रकारिता में ग्रेजुएशन के बाद आईआईएमसी, नई दिल्ली से रेडियो एंव टेलीविजन में पोस्ट ग्रेजुएशन की है। ग्रेजुएशन के दौरान सहारा समय और सिटी न्यूज में इंटर्नशिप के साथ-साथ अखबार और वेबसाइट के लिए लिखना शुरू कर दिया था। काशिद को किताबें पढ़ना, फिल्में देखना और क्रिकेट में रुचि है। बिजनेस के अलावा खेल जगत और इंटरनेशनल खबरों में भी रुचि है।<br></p>

और पढ़ें
End of Article