बिजनेस

अगले हफ्ते शेयर बाजार में आएगी तेजी या मंदी? जानिए कमाई का पूरा गणित

पिछले सप्ताह सेंसेक्स तथा निफ्टी में अच्छी बढ़त दर्ज की गई। हालांकि, अब निवेशकों की नजर अगले सप्ताह पर है।

Image

शेयर मार्केट

पिछले हफ्ते शेयर बाजार में अच्छी तेजी रही। बीते सप्ताह बीएसई का मानक सूचकांक सेंसेक्स 663.44 अंक बढ़ा, जबकि एनएसई निफ्टी में 214.85 अंक की तेजी दर्ज की गई।इससे निवेशकों की बंपर कमाई हुई। अब निवेशकों की नजर सोमवार से शुरू होने वाले नए हफ्ते पर है। क्या नए हफ्ते में भी तेजी जारी रहेगी या लौटेगी मंदी? अगर आप भी निवेशक हैं तो इस सवाल का जवाब ढूंढ रहेंगे। मार्केट एक्सपर्ट का कहना है कि अगले सप्ताह शेयर बाजार का रुख कच्चे तेल की कीमतों, वैश्विक रुझानों और कंपनियों के तिमाही नतीजों की शुरुआत से तय होगा।

टीसीएस का आएगा रिजल्ट

सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) क्षेत्र की दिग्गज कंपनी टीसीएस नौ जुलाई को अपने जून तिमाही के वित्तीय परिणाम घोषित करेगी। एक्सपर्ट ने कहा कि इसके अलावा दक्षिण-पश्चिम मानसून की प्रगति और विदेशी निवेशकों की कारोबारी गतिविधियां भी बाजार की चाल को प्रभावित करेंगी। रेलिगेयर ब्रोकिंग लिमिटेड के वरिष्ठ उपाध्यक्ष (शोध) अजित मिश्रा ने कहा कि निवेशक नौ जुलाई को आने वाले टीसीएस के तिमाही नतीजों पर करीबी नजर रखेंगे। इसमें मांग के रुझान, विवेकाधीन खर्च और कृत्रिम मेधा (एआई) आधारित व्यावसायिक अवसरों को लेकर प्रबंधन की टिप्पणियों पर विशेष ध्यान रहेगा।

मानसून पर भी निवेशकों की नजर

स्वास्तिका इन्वेस्टमार्ट लिमिटेड के वरिष्ठ तकनीकी विश्लेषक प्रवेश गौर ने कहा कि घरेलू मोर्चे पर निवेशकों का ध्यान नौ जुलाई से शुरू हो रहे वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही के नतीजों पर केंद्रित रहेगा। कंपनियों की आय के शुरुआती आंकड़े और प्रबंधन की टिप्पणियां मांग की स्थिति, मार्जिन के रुझान और कमाई की स्पष्टता के बारे में महत्वपूर्ण संकेत प्रदान करेंगी। उन्होंने यह भी कहा कि दक्षिण-पश्चिम मानसून की प्रगति और खरीफ फसलों की बुवाई ग्रामीण मांग, मुद्रास्फीति की उम्मीदों और वृहद आर्थिक वृद्धि के लिए महत्वपूर्ण संकेतक बनी रहेगी।

अमेरिका-ईरान बातचीत पर भी नजर

इस बीच, अमेरिका और ईरान के बीच तकनीकी बातचीत का अगला दौर 11 जुलाई को होने की उम्मीद है, हालांकि इसके स्थान के बारे में अभी अंतिम फैसला होना बाकी है।

ऑनलाइन ट्रेडिंग कंपनी एनरिच मनी के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) पोनमुडी आर ने कहा कि हॉर्मुज जलडमरूमध्य से तेल आपूर्ति में बाधा की आशंकाएं कम होने के बाद कच्चे तेल की कीमतें 68-69 डॉलर प्रति बैरल के आसपास स्थिर हुई हैं। ऊर्जा कीमतों में लगातार स्थिरता भारत में मुद्रास्फीति के परिदृश्य और बाह्य क्षेत्र के संतुलन के लिए सकारात्मक होगी।

Alok Kumar
आलोक कुमार author

आलोक कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में एसोसिएट एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। इलेक्ट्रॉनिक, डिजिटल और प्रिंट मीडिया में 17 वर्षों से अधिक का व्यापक अनुभव रखने वाले आलोक ने अपने पत्रकारिता करियर में कई प्रमुख कॉर्पोरेट इवेंट्स और चर्चित स्टोरीज कवर की हैं। वह बिजनेस, बैंकिंग, शेयर मार्केट और पर्सनल फाइनेंस पर गहरी समझ रखते हैं और जटिल वित्तीय जानकारियों को सरल, स्पष्ट और पाठक-केंद्रित तरीके से प्रस्तुत करने में माहिर हैं। अब तक आलोक ने लगभग 18,000 स्टोरीज लिखी हैं। उनकी लेखन शैली भरोसेमंद, विश्लेषणात्मक और व्यावहारिक जानकारी देने वाली होती है।

और पढ़ें
End of Article