बिजनेस

Silver Price: क्यों तेजी से बढ़ते जा रहे हैं चांदी के दाम, जानिए वजह

Silver Price: पिछले दो-तीन वर्षों से चांदी की कीमतें उतार-चढ़ाव के साथ लगातार बढ़ती ही जा रही हैं। आइए जानते हैं इसकी कीमतें बढ़ने के पीछे का क्या कारण है।

Image

क्यों आसमान छू रही हैं चांदी की कीमतें (तस्वीर-Canva)

Silver Price: चांदी की कीमतें लगातार बढ़ती जा रही है। कह सकते हैं यह सातवें आसमान पर पहुंच गई है। इस साल यानी 2024 की बात करें तो इसमें अबतक 24 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है। एमसीएक्स वेबसाइट के मुताबिक चांदी की कीमतें 95,000 प्रति किलोग्राम के स्तर को छू गई थी। च्वाइस ब्रोकिंग के कमोडिटी एवं करेंसी विश्लेषक आमिर मकदा के मुताबिक चांदी की कीमतों में तेजी मजबूत निवेश और बढ़ी हुई औद्योगिक डिमांड के कारण हुई है।

क्यों बढ़ी चांदी की कीमतें?

सोने की तरह ही चांदी में भी निवेश को भी सुरक्षित माना जाता है। सोना और चांदी विश्वसनीय निवेश हैं। सोना और चांदी रिटर्न देने में ऐतिहासिक रूप से अच्छा प्रदर्शन किया है, खासकर आर्थिक अनिश्चितता या बाजार में उथल-पुथल के दौरान इनमें निवेश फायदे का सौदा रहा है। चांदी की कीमतें क्यों बढ़ रही हैं? इसके पीछे के कारण पर उन्होंने कहा कि चांदी में अद्वितीय औद्योगिक गुण हैं और इसलिए हाल के वर्षों में दुनिया भर में चांदी की मांग काफी बढ़ी है।

क्यों बढ़ी चांदी की डिमांड?

खासकके इलेक्ट्रिक वाहन (ईवी) और फोटोवोल्टिक सेक्टर्स में चांदी की डिमांड बढ़ रही है, क्योंकि ईवी की खपत लगातार बढ़ रही है, जो चांदी बाजारों में तेजी के रुझान में योगदान दे रही है। इसके अलावा इजराइल और ईरान के बीच भूराजनीतिक तनाव ने सुरक्षित-संपत्ति के रूप में चांदी की मांग बढ़ा दी है।

चांदी वायदा कीमतों में तेजी

उधर कई दिनों से उतार चढ़ाव के बीच शुक्रवार (24 मई) को मजबूत हाजिर मांग के बीच वायदा कारोबार में चांदी की कीमत 531 रुपये की तेजी के साथ 90,968 रुपये प्रति किग्रा हो गया। मल्टी कमोडिटी एक्स्चेंज में चांदी के जुलाई महीने में डिलीवरी वाले अनुबंध की कीमत 531 रुपये यानी 0.59 प्रतिशत की तेजी के साथ 90,968 रुपये प्रति किलोग्राम हो गया। इसमें 25,190 लॉट का कारोबार हुआ।

बाजार एक्सपर्ट्स ने कहा कि घरेलू बाजार में मजबूती के रुख के कारण कारोबारियों द्वारा ताजा सौदों की लिवाली करने से चांदी वायदा कीमतों में तेजी आई। वैश्विक स्तर पर न्यूयॉर्क में चांदी की कीमत 0.59 प्रतिशत की तेजी के साथ 30.64 डॉलर प्रति औंस हो गई।

Ramanuj Singh
रामानुज सिंहauthor

रामानुज सिंह पत्रकारिता में दो दशकों का व्यापक और समृद्ध अनुभव रखते हैं। उन्होंने टीवी और डिजिटल—दोनों ही प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए बिजनेस, पर्सनल फाइनेंस, शेयर बाजार, इनकम टैक्स, बैंकिंग, बुलियन और कमोडिटी मार्केट जैसे विषयों पर गहरी विशेषज्ञता विकसित की है। जर्नलिज्म में एमए की डिग्री और वर्षों के अनुभव से विकसित विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण के साथ, रामानुज जटिल वित्तीय विषयों को सरल, विश्वसनीय और प्रभावी तरीके से पाठकों तक पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। अब तक वे 22,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article