बिजनेस

सेंसेक्स की टॉप-10 कंपनियों में कहां हुई निवेशकों की मौज, किसने दिया झटका, पढ़ें पूरा ब्योरा

पिछले हफ्ते शेयर बाजार में शानदा तेजी रही। इसका फायदा सेंसेक्स की टॉप-10 कंपनियों के निवेशकों को हुआ। निवेशकों की 8 कंपनियों में फायदा ​जबकि 2 में नुसकान उठाना पड़ा। सबसे अधिक मुनाफा रिलायंस के निवेशकों को हुआ।

Image

शेयर बाजार

शेयर बाजार में शानदार तेजी के रुख के बीच बीते सप्ताह शीर्ष 10 मूल्यवान कंपनियों में आठ का संयुक्त बाजार पूंजीकरण 4.55 लाख करोड़ रुपये बढ़ गया। इसमें रिलायंस इंडस्ट्रीज सबसे अधिक लाभ में रही। बीते सप्ताह बीएसई का सेंसेक्स सूचकांक 2,857.46 अंक यानी 3.53 प्रतिशत उछल गया। टॉप-10 कंपनियों की सूची में रिलायंस इंडस्ट्रीज, एचडीएफसी बैंक, भारती एयरटेल, आईसीआईसीआई बैंक, भारतीय स्टेट बैंक, बजाज फाइनेंस, भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) और हिंदुस्तान यूनिलीवर लाभ में रहीं। यानी इन 8 कंपनियों के स्टॉक में निवेश करने वाले निवेशकों की बंपर कमाई हुई। सबसे अधिक फायदा रिलायंस को हुआ।

इन दो कंपनियों ने दिया झटका

दूसरी ओर टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) और इंफोसिस के बाजार पूंजीकरण में गिरावट दर्ज की गई। इसके चलते इन दोनों कंपनियों के स्टॉक में निवेश करने वाले निवेशकों को नुकसान उठाना पड़ा। आपको बता दें कि टीसीएस का बाजार मूल्यांकन 88,172.8 करोड़ रुपये घटकर 10,64,242.35 करोड़ रुपये रह गया। इंफोसिस का मूल्यांकन 63,462.66 करोड़ रुपये घटकर 6,26,067.95 करोड़ रुपये पर आ गया।

इन 8 कंपनियों का मार्केट कैप उछला

लाभ में रहने वाली आठ कंपनियों का कुल बाजार पूंजीकरण 4,55,336.36 करोड़ रुपये बढ़ा। रिलायंस इंडस्ट्रीज का बाजार पूंजीकरण 1,41,887.97 करोड़ रुपये बढ़कर 19,63,358.79 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। एलआईसी का मूल्यांकन 64,926.1 करोड़ रुपये बढ़कर 5,70,198.54 करोड़ रुपये पर रहा। भारती एयरटेल का बाजार मूल्यांकन 52,516.39 करोड़ रुपये बढ़कर 11,62,288.64 करोड़ रुपये और आईसीआईसीआई बैंक का मूल्यांकन 52,476.97 करोड़ रुपये चढ़कर 10,06,258.82 करोड़ रुपये रहा।

रिलायंस शीर्ष पर कायम

बाजार पूंजीकरण के लिहाज से रिलायंस इंडस्ट्रीज शीर्ष पर बनी रही। इसके बाद एचडीएफसी बैंक, भारती एयरटेल, टीसीएस, आईसीआईसीआई बैंक, भारतीय स्टेट बैंक, इंफोसिस, बजाज फाइनेंस, एलआईसी और हिंदुस्तान यूनिलीवर का स्थान रहा।

Alok Kumr
आलोक कुमार author

आलोक कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में एसोसिएट एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। इलेक्ट्रॉनिक, डिजिटल और प्रिंट मीडिया में 17 वर्षों से अधिक का व्यापक अनुभव रखने वाले आलोक ने अपने पत्रकारिता करियर में कई प्रमुख कॉर्पोरेट इवेंट्स और चर्चित स्टोरीज कवर की हैं। वह बिजनेस, बैंकिंग, शेयर मार्केट और पर्सनल फाइनेंस पर गहरी समझ रखते हैं और जटिल वित्तीय जानकारियों को सरल, स्पष्ट और पाठक-केंद्रित तरीके से प्रस्तुत करने में माहिर हैं। अब तक आलोक ने लगभग 18,000 स्टोरीज लिखी हैं। उनकी लेखन शैली भरोसेमंद, विश्लेषणात्मक और व्यावहारिक जानकारी देने वाली होती है।

और पढ़ें
End of Article