बिजनेस

पैसा बचाने का सबसे आसान तरीका है 'ऑटोमेटेड सेविंग्स', जानिए बचत का ये फॉर्मूला कैसे करता है काम

How to save money: क्या आप भी हर महीने की शुरुआत में बचत करने का फैसला करते हैं, लेकिन महीने के अंत तक बैंक अकाउंट खाली हो जाता है? हम अक्सर 'इच्छाशक्ति' (Willpower) के भरोसे बचत करने की कोशिश करते हैं, जो अक्सर फेल हो जाती है। लेकिन क्या हो अगर आपको बचत करने के लिए कुछ करना ही न पड़े।

Image

कैसे बचाएं पैसा (Photo: iStock)

How to save money: पैसे कमाने के साथ पैसे बचाना आज के समय की एक बड़ी जरूरत बन गई है। हालांकि, पैसों की बचत करना इतना भी आसान नहीं है । बढ़ती महंगाई, लाइफस्टाइल खर्च और अचानक आने वाली जरूरतों के बीच अक्सर बचत कहीं पीछे छूट जाती है। ऐसे में 'ऑटोमेटेड सेविंग्स' यानी बचत को स्वचालित बनाना एक बेहद प्रभावी और आसान तरीका हो सकता है। पैसे बचाने का यह तरीका क्या है और कैसे काम करता है, इस आर्टिकल में सभी जरूरी जानकारी देने जा रहे हैं-

'ऑटोमेटेड सेविंग्स' क्या है

ऑटोमेशन का मतलब है कि आप अपनी आय का एक निश्चित हिस्सा पहले से ही बचत के लिए तय कर दें। इसी के साथ उस हिस्से को अपने बैंक अकाउंट से ऑटो-डेबिट के जरिए हर महीने किसी रिकरिंग डिपॉजिट (RD), फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) या सेविंग्स अकाउंट में ट्रांसफर करवा दें। इस प्रॉसेस के बाद आपको हर महीने अलग से सोचने या निर्णय लेने की जरूरत नहीं पड़ती। पैसा अपने आप बचत में चला जाता है।

'ऑटोमेटेड सेविंग्स' कैसे करता है काम

'ऑटोमेटेड सेविंग्स' की सबसे बड़ी खासियत यह है कि यह आपकी इच्छाशक्ति पर निर्भर नहीं करता। कई बार हम सोचते हैं कि खर्चों के बाद जो बचेगा, उसे सेव करेंगे। लेकिन असल में महीने के अंत तक कुछ भी नहीं बचता। ऑटोमेशन इस समस्या को खत्म कर देता है क्योंकि बचत पहले हो जाती है।

इसके पीछे एक मजबूत मनोवैज्ञानिक कारण भी है। हम आमतौर पर उसी पैसे को खर्च करते हैं जो हमारे पास उपलब्ध होता है। लेकिन जब सैलरी मिलते ही एक हिस्सा अपने आप अलग हो जाता है तो हम उसी बची हुई राशि के अनुसार अपना बजट बना लेते हैं। सरल शब्दों में कहें तो जो पैसा नजर नहीं आता, उसकी कमी भी महसूस नहीं होती। यही आदत धीरे-धीरे एक मजबूत फाइनेंशियल डिसिप्लिन में बदल जाती है।

'ऑटोमेटेड सेविंग्स' कैसे करें शुरू

ऑटोमेटेड सेविंग्स शुरू करने के लिए आप अपने बैंक में स्टैंडिंग इंस्ट्रक्शन सेट कर सकते हैं या मोबाइल बैंकिंग ऐप का भी इस्तेमाल कर सकते हैं। शुरुआत छोटी राशि से करें, जैसे आपकी आय का 10–20% और समय के साथ इसे बढ़ाते रहें। साथ ही, अपनी बचत को अलग-अलग लक्ष्यों के लिए बांटें—जैसे इमरजेंसी फंड, निवेश, या भविष्य की बड़ी जरूरतें।

बचत एक आदत

इस बात को ठीक से समझें कि बचत कोई एक बार का काम नहीं, बल्कि एक आदत है। ऑटोमेशन इस आदत को आसान और स्थायी बनाता है। जब आपकी बचत अपने आप होने लगती है, तो आप बिना किसी तनाव के अपने वित्तीय भविष्य को सुरक्षित बना सकते हैं।

Shivani Kotnala
शिवानी कोटनालाauthor

शिवानी कोटनाला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के करियर में 3 साल से ज्यादा के अनुभव के साथ शिवानी ने बिजनेस और टेक से जुड़ी खबरों पर काम किया है। यूटीलिटी, शेयर बाजार, पर्सनल फाइनेंस, बैंकिंग से जुड़ी खबरों पर वह लगातार लिख रही हैं। शिवानी ने डिजिटल के साथ-साथ न्यूज एजेंसी में भी काम किया है।

और पढ़ें
End of Article