बिजनेस

Bank Holiday Alert: इस हफ्ते 4 दिन तक बंद रहेंगे बैंक, देखें RBI की छुट्टियों की पूरी लिस्ट

Bank Holiday Alert: 24 से 30 अगस्त के बीच देश में सभी बैंक 4 दिन बंद रहेंगे। हालांकि, UPI, ATM और इंटरनेट बैंकिंग सेवाएं बिना रुकावट चालू रहेंगी।

Image

इस हफ्ते 4 दिन तक बंद रहेंगे SBI, HDFC और PNB समेत सभी बैंक

Photo : iStock

Bank Holiday Alert: अगर इस हफ्ते आपको बैंक से जुड़ा कोई भी जरूरी काम है, तो घर से निकलने से पहले छुट्टियों की लिस्ट देखना बेहद जरूरी है। 24 से 30 अगस्त के बीच देश के अलग-अलग राज्यों में भारतीय स्टेट बैंक (SBI), HDFC, ICICI और पंजाब नेशनल बैंक (PNB) समेत तमाम सरकारी और प्राइवेट बैंक कुल 4 दिनों तक बंद रह सकते हैं। रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (RBI) के हॉलिडे कैलेंडर के अनुसार, ये छुट्टियां अलग-अलग राज्यों के क्षेत्रीय त्योहारों और वीकेंड ऑफ के कारण रहेंगी। हालांकि, इस दौरान डिजिटल बैंकिंग और ऑनलाइन सेवाएं पूरी तरह चालू रहेंगी।

24 से 30 अगस्त के बीच कब-कब बंद रहेंगे बैंक

इस हफ्ते 25 अगस्त (मंगलवार) को मिलाद-उन-नबी और पहले ओणम के अवसर पर केरल और आंध्र प्रदेश में बैंक बंद रहेंगे। अगले ही दिन यानी 26 अगस्त (बुधवार) को ईद-ए-मिलाद, बारावफात और तिरुवोनम के उपलक्ष्य में महाराष्ट्र, दिल्ली, यूपी, बिहार, कर्नाटक, तमिलनाडु और केरल सहित 14 से अधिक राज्यों में बैंक शाखाएं बंद रहेंगी। इसके बाद 28 अगस्त (शुक्रवार) को रक्षाबंधन के पावन पर्व पर गुजरात, राजस्थान, मध्य प्रदेश, यूपी और उत्तराखंड समेत कई राज्यों में छुट्टियों का ऐलान किया गया है। अंत में 30 अगस्त को रविवार होने के कारण पूरे देश में साप्ताहिक अवकाश रहेगा। राहत की बात यह है कि 29 अगस्त को महीने का पांचवां शनिवार होने के कारण इस दिन बैंक खुले रहेंगे।

अगले हफ्ते जन्माष्टमी पर भी रहेंगी छुट्टियां

अगस्त के आखिरी हफ्ते के बाद सितंबर की शुरुआत में भी बैंकों में छुट्टी का असर दिखेगा। अगले हफ्ते 4 सितंबर (शुक्रवार) को श्री कृष्ण जन्माष्टमी और कृष्ण जयंती के उपलक्ष्य में अहमदाबाद, भोपाल, चेन्नई, जयपुर, लखनऊ, हैदराबाद और कोलकाता सहित देश के अधिकांश प्रमुख शहरों में बैंक बंद रहेंगे। वहीं, 6 सितंबर को रविवार होने के कारण फिर से साप्ताहिक अवकाश रहेगा। इस प्रकार अगले हफ्ते केवल 5 से 6 दिन ही बैंक शाखाओं में सामान्य कामकाज हो पाएगा।

बैंकों के खुलने का समय और उपलब्ध डिजिटल सेवाएं

सामान्य कामकाजी दिनों में देश के अधिकांश सरकारी और प्राइवेट बैंकों में सुबह 10:00 बजे से शाम 4:00 बजे तक पब्लिक डीलिंग और शाखा सेवाएं दी जाती हैं। भले ही त्योहारों और छुट्टियों के दौरान बैंकों की शाखाएं बंद रहेंगी, लेकिन ग्राहकों को घबराने की जरूरत नहीं है। डिजिटल बैंकिंग सेवाएं 24 घंटे और सातों दिन बिना किसी रुकावट के काम करती रहेंगी। ग्राहक अपने घर बैठे इंटरनेट बैंकिंग, मोबाइल ऐप, यूपीआई (UPI), एनईएफटी (NEFT) और आरटीजीएस (RTGS) के जरिए पैसों का लेन-देन कर सकते हैं। इसके अलावा कैश निकालने और जमा करने के लिए एटीएम (ATM) मशीनें भी चालू रहेंगी।

Ramanuj Singh
रामानुज सिंहauthor

रामानुज सिंह पत्रकारिता में दो दशकों का व्यापक और समृद्ध अनुभव रखते हैं। उन्होंने टीवी और डिजिटल—दोनों ही प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए बिजनेस, पर्सनल फाइनेंस, शेयर बाजार, इनकम टैक्स, बैंकिंग, बुलियन और कमोडिटी मार्केट जैसे विषयों पर गहरी विशेषज्ञता विकसित की है। जर्नलिज्म में एमए की डिग्री और वर्षों के अनुभव से विकसित विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण के साथ, रामानुज जटिल वित्तीय विषयों को सरल, विश्वसनीय और प्रभावी तरीके से पाठकों तक पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। अब तक वे 22,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article