बिजनेस

भारतीय बिजनेस फैमिली की दौलत ₹138 लाख करोड़ के पार, रोजना ₹4,076 करोड़ बढ़ रही संपत्ति

2026 की बार्कलेज प्राइवेट क्लाइंट्स हुरुन इंडिया मोस्ट वैल्युएबल फैमिली बिज़नेस लिस्ट में भारत के प्रमुख पारिवारिक व्यवसायों को उनकी वैल्यू के आधार पर रैंक किया गया है।

Image

मुकेश अंबानी परिवार

भारत में अमीर बिजनेस फैमिली की संपत्ति में तेजी से इजाफा हो रहा है। '2026 बार्कलेज प्राइवेट क्लाइंट्स हुरुन इंडिया मोस्ट वैल्यूएबल फैमिली बिज़नेस लिस्ट' के अनुसार, भारत के 300 सबसे मूल्यवान पारिवारिक बिजनेस फैमिली की कुल संपत्ति अब ₹138 लाख करोड़ हो गई है। सबसे खास बात यह है कि 2024 के बाद से इन परिवारों द्वारा चलाई जा रही कंपनियों की वैल्यू में लगभग ₹30 लाख करोड़ की बढ़ोतरी हुई है, जो पिछले दो सालों में हर दिन औसतन ₹4,076 करोड़ के बराबर है। यानी इन कंपनियों के मालिकाना हक रखने वाले फैमिली की संपत्ति में रोजाना 4000 करोड़ से अधिक की बढ़ोतरी हो रही है।

कारोबारी परिवारों में अंबानी नंबर-1 पर

भारत के बड़े कारोबारी परिवारों की संपत्ति का दबदबा लगातार बढ़ रहा है। 2026 की सूची में रिलायंस इंडस्ट्रीज के कारण अंबानी परिवार एक बार फिर देश का सबसे मूल्यवान कारोबारी परिवार बनकर उभरा है। अंबानी परिवार के कारोबार का कुल मूल्य करीब ₹25.82 लाख करोड़ आंका गया है। हालांकि, पिछले एक साल में परिवार के कारोबार के मूल्य में 8.5 फीसदी की गिरावट आई है, लेकिन इसके बावजूद अंबानी परिवार बाकी सभी कारोबारी परिवारों से काफी आगे है।

बिड़ला दूसरे और जिंदल तीसरे नंबर पर

इस सूची में कुमार मंगलम बिड़ला परिवार ने बड़ी छलांग लगाते हुए दूसरा स्थान हासिल किया है। परिवार के कारोबार का मूल्य एक साल में 26 फीसदी बढ़कर ₹8.14 लाख करोड़ हो गया है। वहीं जिंदल परिवार 40 फीसदी की बढ़ोतरी के साथ तीसरे स्थान पर पहुंच गया। जिंदल परिवार के कारोबार का कुल मूल्य करीब ₹8.02 लाख करोड़ है। इसके बाद बजाज परिवार ₹7.7 लाख करोड़ के मूल्य के साथ चौथे और महिंद्रा परिवार ₹5.15 लाख करोड़ के साथ पांचवें स्थान पर है।

अडानी पहली पीढ़ी के कारोबारी परिवारों में सबसे आगे

रिपोर्ट में पहली पीढ़ी के कारोबारी परिवारों की अलग सूची भी जारी की गई है। इसमें अडानी परिवार ₹19.6 लाख करोड़ के कारोबार मूल्य के साथ सबसे ऊपर है। इसके बाद सुनील भारती मित्तल परिवार ₹12.1 लाख करोड़ के साथ दूसरे और दिलीप सांघवी परिवार ₹4.55 लाख करोड़ के साथ तीसरे स्थान पर है। सीरम इंस्टीट्यूट के पूनावाला परिवार ₹2.98 लाख करोड़ के साथ चौथे और एवेन्यू सुपरमार्ट्स के दमानी परिवार ₹2.86 लाख करोड़ के साथ पांचवें स्थान पर है।

टॉप 3 परिवारों की दौलत ₹42 लाख करोड़

अंबानी, बिड़ला और जिंदल परिवारों को मिलाकर इनके कारोबार का कुल मूल्य करीब ₹42 लाख करोड़ है। यह भारत के कुल सूचीबद्ध बाजार मूल्य का लगभग 9 फीसदी है। वहीं शीर्ष 10 कारोबारी परिवारों के पास सूची में शामिल कुल 300 परिवारों की संपत्ति का करीब 51 फीसदी हिस्सा है।

अरबपति कारोबारी परिवारों की संख्या बढ़ी

भारत में अरबों डॉलर की संपत्ति वाले कारोबारी परिवारों की संख्या भी तेजी से बढ़ी है। रिपोर्ट के मुताबिक अब 230 परिवारों की संपत्ति कम से कम 1 अरब डॉलर है। यह संख्या पिछले साल के मुकाबले 48 फीसदी अधिक है।

मुंबई बना हुआ है कारोबारी परिवारों का केंद्र

मुंबई अब भी भारत के पारिवारिक कारोबार का सबसे बड़ा केंद्र है। सूची में शामिल 95 कंपनियों का मुख्यालय मुंबई में है। इसके बाद एनसीआर में 58 और कोलकाता में 26 कंपनियां हैं। पूरी सूची में देश के 45 शहर शामिल हैं।

Alok Kumar
आलोक कुमार author

आलोक कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में एसोसिएट एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। इलेक्ट्रॉनिक, डिजिटल और प्रिंट मीडिया में 17 वर्षों से अधिक का व्यापक अनुभव रखने वाले आलोक ने अपने पत्रकारिता करियर में कई प्रमुख कॉर्पोरेट इवेंट्स और चर्चित स्टोरीज कवर की हैं। वह बिजनेस, बैंकिंग, शेयर मार्केट और पर्सनल फाइनेंस पर गहरी समझ रखते हैं और जटिल वित्तीय जानकारियों को सरल, स्पष्ट और पाठक-केंद्रित तरीके से प्रस्तुत करने में माहिर हैं। अब तक आलोक ने लगभग 18,000 स्टोरीज लिखी हैं। उनकी लेखन शैली भरोसेमंद, विश्लेषणात्मक और व्यावहारिक जानकारी देने वाली होती है।

और पढ़ें
End of Article