बिजनेस

UPI Payment: अब एफिल टॉवर के लिए भी कर पाएंगे UPI के जरिए पेमेंट, इस कंपनी से हुई साझेदारी

UPI Payment: एनपीसीआई इंटरनेशनल पेमेंट्स (एनआईपीएल) ने फ्रांस की ई-कॉमर्स और भुगतान कंपनी लायरा के साथ गठजोड़ किया है। इसके तहत फ्रांस में यूपीआई भुगतान व्यवस्था को स्वीकार किया जाएगा और इसकी शुरुआत एफिल टॉवर से हो रही है।

Image

पेरिस का एफिल टॉवर।

Photo : Twitter

UPI Payment: पेरिस के एफिल टॉवर को देखने आने वाले पर्यटक अब भारत के एकीकृत भुगतान इंटरफेस (यूपीआई) के जरिए इस प्रतिष्ठित स्मारक की अपनी यात्रा बुक कर सकेंगे। भारतीय राष्ट्रीय भुगतान निगम (एनपीसीआई) ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। एनपीसीआई ने कहा कि उसकी शाखा एनपीसीआई इंटरनेशनल पेमेंट्स (एनआईपीएल) ने फ्रांस की ई-कॉमर्स और भुगतान कंपनी लायरा के साथ गठजोड़ किया है। इसके तहत फ्रांस में यूपीआई भुगतान व्यवस्था को स्वीकार किया जाएगा और इसकी शुरुआत एफिल टॉवर से हो रही है।

एक आधिकारिक बयान में कहा गया, ''भारतीय पर्यटक अब यूपीआई का उपयोग करके ऑनलाइन टिकट खरीदकर एफिल टॉवर की अपनी यात्रा बुक कर सकते हैं। इससे लेनदेन की प्रक्रिया तेज, आसान और परेशानी मुक्त हो जाएगी।''

भारतीय दूतावास ने पेरिस में भारत के गणतंत्र दिवस का जश्न मनाने के लिए आयोजित एक कार्यक्रम में यह घोषणा की। बयान मे कहा गया कि इस समय एफिल टॉवर देखने आने वाले अंतरराष्ट्रीय पर्यटकों में भारतीय पर्यटक दूसरे सबसे बड़े समूह के रूप में हैं।

एनआईपीएल के मुख्य कार्यपालक अधिकारी रितेश शुक्ला ने कहा कि उनका लक्ष्य ऐसी साझेदारी स्थापित करना और उपभोक्ताओं को सुविधाजनक तथा सुरक्षित सीमा पार भुगतान समाधान देने में सहयोग करना है।

भाषा इनपुट के साथ

TNN Business Desk
TNN बिजनेस डेस्क author

TNN बिजनेस डेस्क

और पढ़ें
End of Article