Closing Bell Nifty Sensex Today : भारतीय शेयर बाजार में शुक्रवार को लगातार पांचवें कारोबारी दिन भी बिकवाली का दबाव देखने को मिला। हालांकि कारोबार के आखिरी घंटों में निचले स्तरों पर रिकवरी से राहत मिली। लेकिन, इसके बावजूद Sensex और Nifty लाल निशान में बंद हुए। सेंसेक्स जहां 331.62 अंक (0.43%) गिरकर 76,059.77 पर बंद हुआ। वहीं, निफ्टी 102.15 अंक (0.43%) टूटकर 23,767.45 पर आ गया। पूरे सप्ताह में दोनों प्रमुख इंडेक्स करीब 3% तक टूटे और निवेशकों की संपत्ति में करीब ₹6 लाख करोड़ की कमी आ गई।
सुबह 900 अंक तक टूटा सेंसेक्स
दिन की शुरुआत बेहद कमजोर रही। पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के चलते ब्रेंट क्रूड 100 डॉलर प्रति बैरल के ऊपर पहुंच गया, जिससे निवेशकों में घबराहट फैल गई।
सेंसेक्स दिन में 75,474 तक फिसल गया। वहीं, निफ्टी 23,606 के इंट्राडे लो पर पहुंच गया। हालांकि, लेकिन दोपहर बाद तस्वीर बदल गई और दिन के निचले स्तर से जोरदार वापसी देखने को मिली। बाजार में यह रिकवरी खासतौर पर Crude Oil की कीमतों में नरमी आने के बाद लौटी।
बाजार संभलने की 4 बड़ी वजहें
1. कच्चा तेल 100 डॉलर के नीचे आया : सुबह 100 डॉलर के ऊपर पहुंचने के बाद ब्रेंट क्रूड में दो प्रतिशत से ज्यादा की गिरावट आई। इससे भारत की महंगाई और आयात बिल को लेकर चिंता कुछ कम हुई।
2. वैल्यू बाइंग शुरू हुई : लगातार पांच दिनों की गिरावट के बाद कई मजबूत शेयर आकर्षक दाम पर आ गए। बड़े निवेशकों ने इसी मौके का फायदा उठाया।
3. रुपये में सुधार : रुपया डॉलर के मुकाबले मजबूत हुआ, जिससे विदेशी मुद्रा बाजार का दबाव कुछ कम हुआ और निवेशकों का भरोसा बढ़ा।
4. बैंकिंग शेयरों ने दिया सहारा : सुबह भारी दबाव में रहने वाले बैंक शेयरों में बाद में अच्छी खरीदारी हुई। निफ्टी बैंक 0.18% की बढ़त के साथ बंद हुआ। वहीं, PSU Bank इंडेक्स 0.58% चढ़ा।
किन सेक्टरों ने दिखाई मजबूती?
गिरते बाजार में भी कुछ सेक्टर हरे निशान में बंद हुए। खासतौर पर Nifty IT में 0.82% की तेजी देखने को मिली। वहीं, निफ्टी मीडिया में 1.86%, Nifty PSU Bank 0.58%, बैंक : +0.18% की तेजी में बंद हुए।
इन सेक्टरों पर सबसे ज्यादा दबाव
आज बाजार में सबसे ज्यादा दबाव ऑटो सेक्टर पर रहा। Nifty Auto 1.10% गिरावट के साथ बंद हुआ। वहीं, Nifty Metal में 0.55% की गिरावट देखने को मिली है। इसके अलावा रियल एस्टेट 0.55%, ऑयल एंड गैस 0.46% और फार्मा 0.41% की गिरावट के साथ बंद हुए।
डर अभी पूरी तरह खत्म नहीं
बाजार में उतार-चढ़ाव मापने वाला इंडिया वीआईएक्स 4.11% बढ़कर 14.03 पर पहुंच गया। यह संकेत देता है कि अगले कुछ कारोबारी सत्रों में भी बाजार में तेज हलचल बनी रह सकती है।
