घर खरीदना किसी भी परिवार के लिए एक महत्वपूर्ण वित्तीय उपलब्धि होती है। इस सपने को पूरा करने के लिए अधिकांश लोग होम लोन (Home Loan) का सहारा लेते हैं। होम लोन लेने का मतलब है कि आप उधार ली गई मूल राशि (प्रिंसिपल) के साथ-साथ उस पर लगने वाला ब्याज भी चुकाएं। हालांकि, हर महीने कितनी ईएमआई जाएगी, लोन की अवधि कितनी रहेगी यह सब समझना बेहद जरूरी है। इस पूरी प्रक्रिया को स्पष्ट और व्यवस्थित बनाने के लिए बैंक और वित्तीय संस्थान उधारकर्ताओं को एक डॉक्यूमेंट देते हैं, जिसे ‘होम लोन अमोर्टाइजेशन शेड्यूल’ (Home Loan Amortisation Schedule) कहा जाता है। होम लोन अमोर्टाइजेशन शेड्यूल’ को रिव्यू करना क्यों जरूरी है और इसके क्या फायदे हैं, इस आर्टिकल में बताने जा रहे हैं-
होम लोन अमॉर्टाइजेशन शेड्यूल क्या होता है?

Home Loan Amortisation Schedule (Photo: iStock)
होम लोन अमॉर्टाइजेशन शेड्यूल एक टेबल होती है, जिसमें यह बताया जाता है कि उधार लेने वाले व्यक्ति को अपने होम लोन को पूरी अवधि (Tenure) में चुकाने के लिए समय-समय पर कितनी किस्तें (EMI) देनी होंगी।
इसमें हर किस्त का पूरी डिटेल दी जाती है, जैसे कि उसमें कितना हिस्सा मूलधन (Principal) का है और कितना हिस्सा ब्याज (Interest) का है।
होम लोन अमॉर्टाइजेशन शेड्यूल के कंपोनेन्ट्स
अपने होम लोन अमॉर्टाइजेशन शेड्यूल को पूरी तरह समझने के लिए इसके कंपोनेंट्स को समझना जरूरी है-
EMI राशि
शेड्यूल की हर पंक्ति में उस महीने की EMI राशि दिखाई जाती है, जो आपको चुकानी होती है। इस EMI में मूलधन (Principal) और ब्याज (Interest) दोनों शामिल होते हैं।
मूलधन भुगतान
इस हिस्से में यह दिखाया जाता है कि आपकी EMI का कितना हिस्सा मूलधन चुकाने में जा रहा है। समय के साथ यह हिस्सा बढ़ता जाता है, जिससे आपका बकाया लोन कम होता है।
ब्याज भुगतान
ब्याज भुगतान में हर महीने की EMI में शामिल ब्याज की राशि दिखाई जाती है। लोन के शुरुआती समय में यह ज्यादा होती है और धीरे-धीरे कम होती जाती है।
बकाया लोन राशि
बकाया में हर EMI भुगतान के बाद बची हुई लोन राशि दिखाई जाती है। जैसे-जैसे आप EMI भरते जाते हैं, यह राशि हर महीने कम होती जाती है।
होम लोन अमॉर्टाइजेशन शेड्यूल को समझने के फायदे
वित्तीय योजना और बजट बनाना
होम लोन अमॉर्टाइजेशन शेड्यूल आपकी मंथली ईएमआई को लेकर साफ जानकारी देता है, जिससे आपके लिए बजट बनाना आसान हो जाता है। जब आपको पता होता है कि हर महीने लोन चुकाने के लिए कितनी राशि रखनी है, तो आप निवेश, बचत और दूसरे खर्चों की योजना आसानी से बना सकते हैं।
ब्याज लागत की समझ
अमॉर्टाइजेशन शेड्यूल का एक महत्वपूर्ण पहलू यह है कि यह शुरुआती वर्षों में अधिक ब्याज भुगतान को दिखाता है। इस दौरान आपकी EMI का बड़ा हिस्सा ब्याज चुकाने में जाता है। यह समझ आपको प्रीपेमेंट (अग्रिम भुगतान) करने के लिए प्रेरित कर सकती है। अगर आप लोन की अवधि के शुरुआती चरण में ही मूलधन (Principal) कम कर देते हैं तो पूरे लोन पर कुल ब्याज काफी कम हो सकता है।
लोन प्रगति को ट्रैक करना
अमॉर्टाइजेशन शेड्यूल आपको आपके बकाया लोन की राशि (Outstanding Balance) को ट्रैक करने में मदद करता है। हर महीने EMI देने के साथ यह राशि कम होती जाती है। इसे देखने से आपको यह समझ आता है कि आप कर्ज से मुक्त होने के कितने करीब पहुंच चुके हैं।
प्रीपेमेंट की योजना बनाना
इस शेड्यूल की मदद से आप प्रीपेमेंट की सही योजना बना सकते हैं। अगर आपको बोनस या निवेश से अतिरिक्त पैसा मिलता है, तो आप तय कर सकते हैं कि कब और कितना प्रीपेमेंट करना है। प्रीपेमेंट से मूलधन कम होता है, जिससे लोन की अवधि घटती है और कुल ब्याज में काफी बचत होती है।
