शहर

गंगा का जलस्तर बढ़ते ही भागलपुर इंजीनियरिंग कॉलेज में बिगड़े हालात, कैंपस में घुसा बाढ़ का पानी; हॉस्टल कराए गए खाली

Bhagalpur News: भागलपुर में गंगा के उफान ने बाढ़ की स्थिति को और गंभीर कर दिया है, जिससे भागलपुर इंजीनियरिंग कॉलेज भी प्रभावित हुआ है। कॉलेज परिसर और छात्रावासों में पानी भरने के बाद प्रशासन ने छात्रों को हॉस्टल खाली करने का निर्देश दिया है। छात्रों की पढ़ाई प्रभावित न हो, इसके लिए अब घर से ही ऑनलाइन कक्षाओं के जरिए पढ़ाई जारी रखने की व्यवस्था की गई है।

Image

भागलपुर इंजीनियरिंग कॉलेज बेहाल

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Bhagalpur News: बिहार के 11 जिलों में बाढ़ का असर लगातार बढ़ रहा है और 19 लाख से अधिक लोग इसकी चपेट में हैं। वहीं भागलपुर में गंगा नदी के बढ़ते जलस्तर के कारण अब बाढ़ का पानी भागलपुर इंजीनियरिंग कॉलेज परिसर तक पहुंच गया है। कॉलेज के मुख्य प्रवेश द्वार पर करीब दो फीट पानी जमा हो गया है, जबकि छात्रावासों में पानी का स्तर 7 से 10 फीट तक पहुंचने की जानकारी है।

छात्रावासों को खाली कराने का फैसला लिया गया

हालात को देखते हुए कॉलेज प्रशासन ने छात्रावासों को खाली कराने का फैसला लिया है। हॉस्टल में रहने वाले छात्र-छात्राएं जरूरी सामान लेकर अपने घरों के लिए रवाना हो रहे हैं। बाढ़ के पानी के लगातार बढ़ने से हॉस्टल में रहना मुश्किल हो गया था, जिसके चलते छात्रों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए यह कदम उठाया गया।

ऑनलाइन कक्षाएं शुरू कर दी गईं

वहीं, छात्रों की पढ़ाई बाधित न हो, इसके लिए कॉलेज प्रशासन ने ऑनलाइन कक्षाएं शुरू कर दी हैं। अब छात्र अपने घर से ही पढ़ाई जारी रख सकेंगे। कॉलेज परिसर में बाढ़ की स्थिति फिलहाल गंभीर बनी हुई है और प्रशासन की ओर से छात्रों की सुरक्षा के साथ-साथ उनकी पढ़ाई को भी सुचारू रखने के प्रयास किए जा रहे हैं।

नदियों का जलस्तर बढ़ने कई जिले प्रभावित

बता दें कि राज्य में कई नदियों का जलस्तर बढ़ने से पटना, भोजपुर, सारण, वैशाली, भागलपुर, बेगूसराय, बक्सर, समस्तीपुर, मुंगेर, कटिहार और अररिया समेत 11 जिलों के 330 ग्राम पंचायतों में लगभग 19.57 लाख लोग प्रभावित हुए हैं। प्रभावित इलाकों के लोगों को सलाह दी गई है कि वे नदी के पास न जाएं और सतर्क रहें। वहीं राज्य सरकार के द्वारा स्थानीय प्रशासन से कहा गया है कि वे नावों के संचालन पर नजर रखें, क्षमता से अधिक लोगों को नावों पर सवार नहीं होने दें और लोगों को हालात के बारे में जानकारी देते रहें।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!