बिजनेस

बाजार में गिरावट के बीच IPO की बहार! इस सप्ताह 2300 करोड़ रुपये के 3 बड़े इश्यू होंगे ओपन

शेयर बाजार में गिरावट और पश्चिम एशिया में बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव के बावजूद प्राइमरी मार्केट में हलचल थमने वाली नहीं है। 16 मार्च से शुरू हो रहे सप्ताह में करीब 2300 करोड़ रुपये के तीन IPO निवेशकों के लिए खुलेंगे। इनमें दो मेनबोर्ड और एक SME सेगमेंट का इश्यू शामिल है।

Image

गिरावट के बीच आईपीओ की बहार (इमेज क्रेडिट, कैन्वा)

Upcoming IPO Update: वैश्विक अनिश्चितताओं और पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के कारण पिछले सप्ताह भारतीय शेयर बाजार में भारी उतार-चढ़ाव देखने को मिला। अमेरिका, इजराइल और ईरान के बीच जारी संघर्ष के कारण निवेशकों का सेंटीमेंट कमजोर रहा और प्रमुख सूचकांक पांच फीसदी से अधिक गिर गए। इसके बावजूद कंपनियां पूंजी जुटाने के लिए IPO बाजार का रुख कर रही हैं। 16 मार्च से शुरू होने वाले सप्ताह में कुल तीन कंपनियां बाजार में पब्लिक इश्यू लेकर आ रही हैं। इनका कुल आकार करीब 2300 करोड़ रुपये है। इसमें दो मेनबोर्ड कंपनियां और एक SME प्लेटफॉर्म की कंपनी शामिल है।

GSP क्रॉप साइंस से हफ्ते की शुरुआत

एग्रोकेमिकल सेक्टर की कंपनी GSP Crop Science इस सप्ताह IPO खोलने वाली पहली कंपनी होगी। कंपनी का 400 करोड़ रुपये का पब्लिक इश्यू 16 मार्च को खुलेगा। इसके लिए प्राइस बैंड 304 से 320 रुपये प्रति शेयर तय किया गया है। यह इश्यू 240 करोड़ रुपये के फ्रेश इश्यू और 50 लाख शेयरों के ऑफर फॉर सेल का मिश्रण है। कंपनी ने इश्यू खुलने से पहले एंकर निवेशकों से 120 करोड़ रुपये जुटा लिए हैं। एग्रोकेमिकल सेक्टर में बढ़ती मांग और निर्यात संभावनाओं के कारण इस इश्यू पर बाजार की नजर बनी हुई है।

CMPDIL का बड़ा सरकारी इश्यू

इस सप्ताह का सबसे बड़ा IPO कोल सेक्टर की कंसल्टेंसी कंपनी Central Mine Planning & Design Institute का होगा। कंपनी का 1838 करोड़ रुपये का पब्लिक इश्यू 20 मार्च को खुलेगा। यह पूरा इश्यू ऑफर फॉर सेल के रूप में है, जिसमें प्रमोटर Coal India अपनी हिस्सेदारी का हिस्सा बेचेगी। इस IPO में कोई फ्रेश इश्यू शामिल नहीं है। कंपनी ने इसके लिए 163 से 172 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया है। कोल सेक्टर में सरकारी कंपनियों की मजबूत मौजूदगी के कारण इस इश्यू को लेकर निवेशकों की दिलचस्पी बनी हुई है।

कंपनी का नामसेगमेंटइश्यू साइज (₹ करोड़)IPO ओपन डेटIPO क्लोज डेटसंभावित लिस्टिंग
GSP Crop ScienceMainboard40016 मार्च 202618 मार्च 202624 मार्च 2026 (अनुमानित)
Central Mine Planning & Design Institute (CMPDIL)Mainboard1,83820 मार्च 202624 मार्च 202627 मार्च 2026 (अनुमानित)
Novus LoyaltySME60.1517 मार्च 202619 मार्च 202625 मार्च 2026 (अनुमानित)
Apsis AerocomSME3618 मार्च 2026

SME प्लेटफॉर्म पर नोवस लॉयल्टी

SME सेगमेंट में Novus Loyalty इस सप्ताह बाजार में दस्तक देगी। कंपनी का IPO 17 मार्च को खुलेगा और इसके जरिए लगभग 60.15 करोड़ रुपये जुटाने की योजना है। इस इश्यू का प्राइस बैंड 139 से 146 रुपये प्रति शेयर तय किया गया है। इसमें 33 लाख शेयरों का फ्रेश इश्यू और 8.2 लाख शेयरों का ऑफर फॉर सेल शामिल है। कंपनी लॉयल्टी और रिवार्ड प्रोग्राम सॉल्यूशंस प्रदान करती है और डिजिटल कंज्यूमर एंगेजमेंट सेक्टर में काम करती है।

इनोविजन और राजपुताना स्टेनलेस पर नजर

इस सप्ताह निवेशकों की नजर पहले से खुले कुछ IPO पर भी रहेगी। मैनपावर सर्विसेज और टोल प्लाजा मैनेजमेंट से जुड़ी Innovision ने कमजोर मांग के कारण अपने IPO की अवधि तीन दिन बढ़ा दी है। 319 करोड़ रुपये का यह इश्यू अब 17 मार्च को बंद होगा। चार कारोबारी दिनों में इसे लगभग 30 फीसदी सब्सक्रिप्शन मिला है। वहीं Rajputana Stainless ने निवेशकों को अपनी बोलियां वापस लेने के लिए 16 मार्च तक अतिरिक्त समय दिया है। यह इश्यू 11 मार्च को 1.12 गुना सब्सक्रिप्शन के साथ बंद हुआ था।

एपिस एरोकॉम की लिस्टिंग

इस सप्ताह लिस्टिंग फ्रंट पर सबसे ज्यादा ध्यान Apsis Aerocom पर रहेगा। कंपनी का 36 करोड़ रुपये का SME IPO पिछले सप्ताह 120 गुना से ज्यादा सब्सक्राइब हुआ था। कंपनी के शेयर 18 मार्च को NSE Emerge प्लेटफॉर्म पर लिस्ट होंगे। ग्रे मार्केट में इसके शेयर लगभग 15 फीसदी प्रीमियम पर ट्रेड कर रहे हैं, जिससे लिस्टिंग गेन की उम्मीद जताई जा रही है।

डिस्क्लेमर: TIMES NOW नवभारत किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ या कमोडिटी में निवेश की सलाह नहीं देता है। यहां पर केवल जानकारी दी गई है। निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें।

Yateendra Lawaniya
यतींद्र लवानियाauthor

प्रिंट और डिजिटल मीडिया में बिजनेस एवं इकोनॉमी कैटेगरी में 10 वर्षों से अधिक का अनुभव। पिछले 7 वर्षों से शेयर बाजार, कॉरपोरेट सेक्टर और आर्थिक नीतियों से जुड़ी खबरों पर विशेष पकड़। लेखन में केवल हेडलाइन तक सीमित न रहकर आंकड़ों, नीतिगत फैसलों और कॉरपोरेट दावों के पीछे की वास्तविक तस्वीर को बैलेंस्ड और आसान शब्दों में पाठकों तक पहुंचाने का प्रयास। वर्तमान में Times Now Hindi के लिए बाजार की हर हलचल और आर्थिक घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं।

और पढ़ें
End of Article