बिजनेस

Interest Rate on Loan: तीन सरकारी बैंकों ने सस्ता किया लोन, जानिए कितनी की कटौती

Interest Rate on Loan: सरकारी बैंक यूनियन बैंक ऑफ इंडिया, केनरा बैंक और इंडियन ओवरसीज बैंक ने कर्ज पर लगने वाले ब्याज दर में 0.5 प्रतिशत की कटौती की है। भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के प्रमुख नीतिगत रेपो रेट में कटौती के बाद बैंकों ने यह कदम उठाया है।

Image

तीन बैंकों ने सस्ता किया लोन

Photo : iStock

Interest Rate on Loan : भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) द्वारा प्रमुख नीतिगत दर रेपो में 0.5 प्रतिशत की कटौती के बाद, सार्वजनिक क्षेत्र के तीन प्रमुख बैंकों यूनियन बैंक ऑफ इंडिया, केनरा बैंक और इंडियन ओवरसीज बैंक (IOB) ने अपने कर्ज पर ब्याज दरों में 0.5 प्रतिशत की कमी करने की घोषणा की है।

यूनियन बैंक ऑफ इंडिया ने EBLR और RLLR में की कटौती

यूनियन बैंक ने अपने बयान में कहा कि उसने बाह्य मानक आधारित ब्याज दर (EBLR) और रेपो आधारित ब्याज दर (RLLR) दोनों में 0.5 प्रतिशत की कटौती की है। यह संशोधन हाल ही में आरबीआई द्वारा रेपो दर में की गई कमी के अनुरूप किया गया है।

इंडियन ओवरसीज बैंक (IOB) ने भी RLLR घटाया

आईओबी ने बताया कि बैंक की संपत्ति-देयता प्रबंधन समिति (ALCO) की बैठक में यह फैसला लिया गया। बैंक ने रेपो से जुड़ी ब्याज दर को 8.85% से घटाकर 8.35% कर दिया है। यह नई दर बुधवार से प्रभावी होगी।

केनरा बैंक ने भी ब्याज दर घटाकर 8.25% की

केनरा बैंक ने भी अपने कर्ज पर लागू रेपो आधारित ब्याज दर में 0.50% की कटौती की घोषणा की है। अब इसकी नई दर 8.75% से घटकर 8.25% हो गई है। यह दर भी बुधवार से लागू होगी।

ग्राहकों को मिलेगा सस्ता लोन

इन बैंकों के इस कदम से रेपो आधारित कर्ज सस्ते हो जाएंगे। इसका लाभ नए और मौजूदा आवास, वाहन तथा व्यक्तिगत कर्ज धारकों के साथ-साथ MSME (सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम) क्षेत्र के कर्जदारों को भी मिलेगा।

आरबीआई ने की रेपो रेट में कटौती

उल्लेखनीय है कि भारतीय रिजर्व बैंक ने पिछले सप्ताह रेपो दर को 0.5 प्रतिशत घटाकर 5.5 प्रतिशत कर दिया था। साथ ही, नकद आरक्षित अनुपात (CRR) में भी 1 प्रतिशत की कटौती कर उसे 3 प्रतिशत करने की घोषणा की थी। इन निर्णयों का मकसद आर्थिक गतिविधियों को गति देना और कर्ज को सस्ता बनाना है।

Ramanuj Singh
रामानुज सिंहauthor

रामानुज सिंह पत्रकारिता में दो दशकों का व्यापक और समृद्ध अनुभव रखते हैं। उन्होंने टीवी और डिजिटल—दोनों ही प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए बिजनेस, पर्सनल फाइनेंस, शेयर बाजार, इनकम टैक्स, बैंकिंग, बुलियन और कमोडिटी मार्केट जैसे विषयों पर गहरी विशेषज्ञता विकसित की है। जर्नलिज्म में एमए की डिग्री और वर्षों के अनुभव से विकसित विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण के साथ, रामानुज जटिल वित्तीय विषयों को सरल, विश्वसनीय और प्रभावी तरीके से पाठकों तक पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। अब तक वे 22,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article