बिजनेस

देश में नौकरी करने के लिए बेस्ट हैं ये 10 कंपनियां, No.1 पर Google, जानें टाटा से लेकर रिलायंस की रैंकिंग

रैंडस्टैड एम्प्लॉयर ब्रांड रिसर्च (REBR) 2026 की रिपोर्ट के अनुसार, भारत में कर्मचारियों के बीच गूगल सबसे पसंदीदा कंपनी है।

Image

नौकरी करने के लिए बेस्ट कंपनियां

आपको जानकार शायद आश्चर्य होगा कि भारत में काम करने के लिए कर्मचारियों की पहली पसंद कोई देश की कंपनी नहीं है बल्कि अमेरिकी टेक्नोलॉजी कंपनी गूगल है। रैंडस्टैड एम्प्लॉयर ब्रांड रिसर्च (आरईबीआर) 2026 की रिपोर्ट के अनुसार, प्रौद्योगिकी कंपनी गूगल वर्ष 2026 में भारत की सबसे आकर्षक नियोक्ता ब्रांड बनकर उभरी है, जबकि टाटा समूह और अमेजन क्रमशः दूसरे एवं तीसरे स्थान पर हैं। यह निष्कर्ष 34 बाजारों के 1.75 लाख से अधिक प्रतिभागियों और भारत में करीब 3,500 उत्तरदाताओं से प्राप्त आंकड़ों पर आधारित है।

भारत में टॉप-10 सबसे पसंदीदा कंपनी

रैंककंपनी का नाम
1गूगल
2टाटा समूह
3अमेजन
4सैमसंग इंडिया
5इन्फोसिस
6रिलायंस इंडस्ट्रीज
7आईटीसी समूह
8हिंदुस्तान यूनिलीवर
9महिंद्रा एंड महिंद्रा
10डेल टेक्नोलॉजीज लिमिटेड

46% कर्मचारी नौकरी बदलने के मूड में

सर्वे रिपोर्ट कहती है कि भारत में 46 प्रतिशत कर्मचारी अगले छह महीनों में नौकरी बदलने की योजना बना रहे हैं, जबकि 32 प्रतिशत कर्मचारियों ने पिछले छह महीनों में नौकरी बदली है। सर्वे के मुताबिक, काम एवं निजी जिंदगी के बीच संतुलन, समान अवसर, करियर में प्रगति, वेतन एवं लाभ और अच्छी प्रतिष्ठा भारतीय कर्मचारियों के लिए प्रमुख कारक हैं, जो नियोक्ता के चयन को प्रभावित करते हैं।

कंपनियों को रणनीति बदलने की सलाह

रैंडस्टैड इंडिया के प्रबंध निदेशक नारायण अय्यर ने कहा कि करीब आधे कर्मचारी अगले छह महीनों में नौकरी बदलने के बारे में सोच रहे हैं। ऐसे में कंपनियों के लिए केवल सतही लाभ से आगे बढ़कर व्यापक रणनीति को अपनाना जरूरी है। कर्मचारियों की अपेक्षाएं संगठनों की संरचनात्मक क्षमता से कहीं तेजी से आगे बढ़ रही हैं।

उन्होंने कहा कि भारत के वैश्विक निवेश आकर्षित करने और अपनी आर्थिक उपस्थिति बढ़ाने के साथ वही संगठन प्रतिभा को आकर्षित करने और उसे बरकरार रखने में आगे रहेंगे, जो अपनी प्रतिभा रणनीतियों पर सक्रिय रूप से पुनर्विचार करेंगे।

अय्यर ने कहा, भविष्य उन नियोक्ताओं का ही है जो कर्मचारियों की वृद्धि, लचीलेपन, निष्पक्षता, उद्देश्य और पुरस्कार के बीच संतुलन स्थापित कर सकें।

कंपनियों को बेहतर लाभ देने होंगे

रिपोर्ट के मुताबिक, भारत का कार्यबल अब ’संतुलित नियोक्ता’ के दौर में प्रवेश कर रहा है, जहां कंपनियों को कार्य, करियर वृद्धि, समावेशन, कल्याण, लचीलापन और प्रतिस्पर्धी वेतन एक साथ प्रदान करने की जरूरत है। सर्वेक्षण से पता चलता है कि प्रदर्शन की मान्यता, करियर में निरंतरता, विश्वसनीय वेतन और लाभ भारत में नौकरी सुरक्षा के प्रमुख आधार हैं। हालांकि, विभिन्न क्षेत्रों में अपेक्षाएं लगभग समान हैं, लेकिन डिजिटल क्षेत्र के पेशेवर प्रतिस्पर्धी वेतन को अधिक महत्व देते हैं और करियर वृद्धि के अवसर न होने पर उनके नौकरी छोड़ने की संभावना भी अधिक होती है।

Alok Kumar
आलोक कुमार author

आलोक कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में एसोसिएट एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। इलेक्ट्रॉनिक, डिजिटल और प्रिंट मीडिया में 17 वर्षों से अधिक का व्यापक अनुभव रखने वाले आलोक ने अपने पत्रकारिता करियर में कई प्रमुख कॉर्पोरेट इवेंट्स और चर्चित स्टोरीज कवर की हैं। वह बिजनेस, बैंकिंग, शेयर मार्केट और पर्सनल फाइनेंस पर गहरी समझ रखते हैं और जटिल वित्तीय जानकारियों को सरल, स्पष्ट और पाठक-केंद्रित तरीके से प्रस्तुत करने में माहिर हैं। अब तक आलोक ने लगभग 18,000 स्टोरीज लिखी हैं। उनकी लेखन शैली भरोसेमंद, विश्लेषणात्मक और व्यावहारिक जानकारी देने वाली होती है।

और पढ़ें
End of Article