बिजनेस

दिवाली के दिन रुपये ने भी लगाई छलांग, डॉलर के मुकाबले अब इतना पहुंचा भाव

अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपये में मजबूती का दौर जारी है। शेयर बाजार में तेजी की तरह रुपये में भी लगातार तेजी जारी है। यह भारतीय बाजार और इकोनॉमी के लिए शुभ संकेत है।

Image

डॉलर के मुकाबले रुपया

दिवाली के दिन रुपये ने भी छलांग लगाई। विदेशी निवेशकों की लिवाली और कच्चे तेल की कीमतों में कमी के चलते सोमवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया नौ पैसे बढ़कर 87.93 (अनंतिम) पर बंद हुआ। विदेशी मुद्रा कारोबारियों के अनुसार घरेलू शेयर बाजारों में सकारात्मक धारणा ने स्थानीय मुद्रा को और समर्थन दिया। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया 87.94 पर खुला। दिन के कारोबार में यह 87.74 के ऊपरी ओर 87.94 के निचले स्तर तक पहुंचा।

नौ पैसे की बढ़त के साथ बंद

कारोबार के अंत में अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया 87.93 (अनंतिम) पर बंद हुआ, जो पिछले बंद भाव से नौ पैसे की बढ़त दर्शाता है। रुपया शुक्रवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 88.02 पर बंद हुआ था। इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.1 प्रतिशत बढ़कर 98.53 पर पहुंच गया। वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड वायदा कारोबार में 0.36 प्रतिशत गिरकर 61.07 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया।

शेयर बाजार में तेजी, चांदी 9,000 रुपए से अधिक सस्ती हुई

भारतीय शेयर बाजार में लगातार चौथे दिन तेजी रही। वहीं सोने और चांदी में आज भी गिरावट दर्ज की गई। हाजिर बाजार में सोने और चांदी की कीमतों में सोमवार को बड़ी गिरावट देखने को मिली। चांदी के दाम 9,000 रुपए से अधिक गिर गए। वहीं, सोने की कीमतों में भी करीब 3,000 रुपए की गिरावट देखने को मिली। इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (आईबीजेए) के मुताबिक, चांदी की कीमत 9,130 रुपए घटकर 1,60,100 रुपए प्रति किलो हो गई है, जो कि शुक्रवार को 1,69,230 रुपए प्रति किलो थी। वहीं, 24 कैरेट के 10 ग्राम सोने की कीमत घटकर 1,26,730 रुपए हो गई है। इससे पहले शुक्रवार को सोने की कीमत 1,29,584 रुपए प्रति 10 ग्राम थी, जो सोने की कीमतों में 2,854 रुपए की कमी को दर्शाता है।

22 कैरेट के 10 ग्राम सोने की कीमत कम होकर 1,16,085 रुपए हो गई है, जो कि इससे पहले 1,18,699 रुपए प्रति 10 ग्राम दर्ज की गई थी। वहीं, 18 कैरेट के 10 ग्राम सोने का दाम कम होकर 95,048 रुपए हो गया है, जो कि पहले 97,188 रुपए प्रति 10 ग्राम था।

Alok Kumr
आलोक कुमार author

आलोक कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में एसोसिएट एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। इलेक्ट्रॉनिक, डिजिटल और प्रिंट मीडिया में 17 वर्षों से अधिक का व्यापक अनुभव रखने वाले आलोक ने अपने पत्रकारिता करियर में कई प्रमुख कॉर्पोरेट इवेंट्स और चर्चित स्टोरीज कवर की हैं। वह बिजनेस, बैंकिंग, शेयर मार्केट और पर्सनल फाइनेंस पर गहरी समझ रखते हैं और जटिल वित्तीय जानकारियों को सरल, स्पष्ट और पाठक-केंद्रित तरीके से प्रस्तुत करने में माहिर हैं। अब तक आलोक ने लगभग 18,000 स्टोरीज लिखी हैं। उनकी लेखन शैली भरोसेमंद, विश्लेषणात्मक और व्यावहारिक जानकारी देने वाली होती है।

और पढ़ें
End of Article