डाक विभाग ने अमेरिका सरकार के 30 जुलाई को जारी Executive Order No. 14324 को ध्यान में रखते हुए एक बड़ा फैसला लिया है। इस आदेश के तहत अब अमेरिका में भेजे जाने वाले सामान पर 800 अमेरिकी डॉलर तक की ड्यूटी-फ्री छूट 29 अगस्त से खत्म हो जाएगी।
यानि अब भारत से अमेरिका भेजे जाने वाले हर पार्सल पर, उसकी कीमत चाहे जितनी भी हो, कस्टम ड्यूटी लगेगी। हालांकि, 100 डॉलर तक के गिफ्ट आइटम्स पर यह छूट जारी रहेगी।
वसूले जाएंगे पैसे
अमेरिकी नियमों के मुताबिक, डाक नेटवर्क के जरिए भेजे गए सामान पर अब ट्रांसपोर्ट कैरियर्स या फिर US Customs and Border Protection (CBP) द्वारा मान्यता प्राप्त एजेंसियां ड्यूटी वसूलेंगी और जमा करेंगी।
समस्या यह है कि अभी तक CBP ने "क्वालिफाइड पार्टी" तय करने और ड्यूटी वसूली की प्रक्रिया को पूरी तरह स्पष्ट नहीं किया है। इसी कारण अमेरिका जाने वाली एयरलाइंस ने 25 अगस्त के बाद भारतीय डाक से पार्सल स्वीकार करने से इनकार कर दिया है, क्योंकि वे तकनीकी और ऑपरेशनल तौर पर तैयार नहीं हैं।
क्यों लिया गया फैसला?
न्यूज एजेंसी भाषा के मुताबिक, इसी स्थिति को देखते हुए, भारतीय डाक विभाग ने फैसला किया है कि 25 अगस्त से अमेरिका के लिए सभी प्रकार के डाक आर्टिकल्स की बुकिंग अस्थायी रूप से बंद कर दी जाएगी। हालांकि, पत्र/दस्तावेज़ और 100 डॉलर तक के गिफ्ट अभी भी स्वीकार किए जाएंगे और भेजे जाएंगे।
डाक विभाग ने कहा है कि वह इस पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है और सभी संबंधित एजेंसियों के साथ मिलकर जल्द से जल्द सेवाएं दोबारा शुरू करने की कोशिश कर रहा है। जिन ग्राहकों ने पहले ही ऐसे पार्सल बुक कर दिए हैं जिन्हें अब अमेरिका नहीं भेजा जा सकता, वे पोस्टेज की रिफंड राशि ले सकते हैं। डाक विभाग ने ग्राहकों से हुई असुविधा के लिए खेद जताया है और भरोसा दिया है कि जल्द से जल्द पूरी सेवाएं बहाल की जाएंगी।
