बिजनेस

कौन होगा एयरटेल का अगला मालिक? सुनील मित्तल ने बताई उत्तराधिकारी प्लानिंग

Airtel Succession Plan: टेलकॉम कंपनी एयरटेल के मालिक सुनील भारती मित्तल ने हाल ही में निवेशकों के साथ हुई बैठक में अपनी उत्तराधिकार योजना की घोषणा की। इस योजना के तहत उनके परिवार की अगली पीढ़ी को भारती एयरटेल की प्रवर्तक कंपनी, भारती टेलीकॉम में अधिक हिस्सेदारी दी जाएगी। मित्तल का उद्देश्य परिवार की अगली पीढ़ी को कंपनी के नेतृत्व में सक्रिय रूप से शामिल करना है।

Image

एयरटेल में कौन होगा सुनील मित्तल का उत्तराधिकारी?

Airtel Succession Plan: टेलकॉम कंपनी भारती एयरटेल के प्रवर्तक सुनील भारती मित्तल ने हाल ही में निवेशकों के साथ हुई बैठक में अपनी उत्तराधिकार योजना की घोषणा की। इस योजना के तहत उनके परिवार की अगली पीढ़ी को भारती एयरटेल की प्रवर्तक कंपनी भारती टेलीकॉम में अधिक हिस्सेदारी दी जाएगी। मित्तल ने कहा कि उनका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कंपनी में नेतृत्व का हस्तांतरण सुव्यवस्थित और पारदर्शी तरीके से हो।

बच्चों को मिल रही ट्रेनिंग

न्यूज एजेंसी पीटीआई-भाषा के मुताबिक मित्तल ने बताया कि उनके बच्चे श्रविन मित्तल, केविन मित्तल और ईशा पसरीचा स्वतंत्र रूप से अपने व्यवसाय चला रहे हैं और एयरटेल के बाहर भी ट्रेनिंग ले रहे हैं। उनका कहना था कि इस अनुभव के दौरान वे असफलताओं, सफलताओं, चुनौतियों और विवादों से निपटने के तरीके सीख रहे हैं। मित्तल ने कहा कि मुझे लगता है कि एयरटेल और भारती एंटरप्राइजेज में मेरा योगदान अभी कुछ सालों तक रहेगा। लेकिन मेरे परिवार की अगली पीढ़ी विभिन्न क्षेत्रों में अपनी क्षमता बढ़ा रही है। आने वाले वर्षों में आप उन्हें शेयरधारकों की बैठकों में सक्रिय रूप से देखेंगे।

श्रविन मित्तल का अफ्रीका में अनुभव

उन्होंने विशेष रूप से अपने बड़े बेटे श्रविन का उदाहरण दिया। मित्तल के अनुसार श्रविन पहले से ही एयरटेल अफ्रीका के लिए काम कर रहे हैं। 2010 में अफ्रीका में कंपनी के अधिग्रहण के समय वह परिचालन विभाग में थे और 2018 से एयरटेल अफ्रीका के बोर्ड का हिस्सा हैं। मित्तल ने कहा कि आने वाले वर्षों में भारती परिवार की अगली पीढ़ी के और सदस्य शेयरधारक मंचों पर दिखाई देंगे, जिससे निवेशकों को नेतृत्व परिवर्तन की योजना स्पष्ट रूप से नजर आएगी।

भारती टेलीकॉम की हिस्सेदारी और भविष्य की योजना

मित्तल ने बताया कि भारती टेलीकॉम एयरटेल की प्रवर्तक कंपनी है और वर्तमान में इसमें करीब 41 प्रतिशत हिस्सेदारी रखती है। उनका लक्ष्य है कि भविष्य में भारती टेलीकॉम की हिस्सेदारी 50 प्रतिशत से अधिक हो। मित्तल ने कहा कि यह तभी संभव होगा जब एयरटेल भविष्य में उच्च लाभांश दे या अपने शेयर वापस खरीदे। उन्होंने कहा, “यह मेरी इच्छा है, लेकिन यदि हमारे पास 41 प्रतिशत हिस्सेदारी है तो भी यह एक बड़ी उपलब्धि है। निफ्टी 10 कंपनी के रूप में किसी भी प्रवर्तक के लिए 40 प्रतिशत से अधिक हिस्सेदारी होना बहुत अच्छा माना जाता है।

निवेशकों से समर्थन की अपील

मित्तल ने निवेशकों से लंबी अवधि के बेहतर रिटर्न के लिए समर्थन मांगा। उन्होंने कहा कि कंपनी अब अधिक लाभांश देना शुरू करेगी, जिससे निवेशकों को फायदा होगा। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि कुछ निवेशक पहले अफ्रीका में संचालन शुरू करने के निर्णय से खुश नहीं थे, लेकिन अब एयरटेल अफ्रीका शानदार प्रदर्शन कर रही है। यह कंपनी 2016-19 की कठिन अवधि में भारतीय परिचालन को भी सहायता प्रदान कर चुकी है।

एयरटेल अफ्रीका और भारतीय परिचालन का भविष्य

मित्तल ने आगे बताया कि आने वाले कुछ वर्षों में एयरटेल अफ्रीका 10 अरब डॉलर के राजस्व वाली कंपनी बनने के लिए तैयार है। इसके अलावा, एयरटेल इंडिया की सहायक कंपनियां भी मजबूत प्रदर्शन कर रही हैं और कंपनी के लिए अच्छा रिटर्न उत्पन्न करेंगी। उन्होंने निवेशकों को भरोसा दिलाया कि परिवार की अगली पीढ़ी और विस्तार योजनाओं के साथ एयरटेल भविष्य में स्थिर और लाभदायक बनेगी।

Ramanuj Singh
रामानुज सिंहauthor

रामानुज सिंह पत्रकारिता में दो दशकों का व्यापक और समृद्ध अनुभव रखते हैं। उन्होंने टीवी और डिजिटल—दोनों ही प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए बिजनेस, पर्सनल फाइनेंस, शेयर बाजार, इनकम टैक्स, बैंकिंग, बुलियन और कमोडिटी मार्केट जैसे विषयों पर गहरी विशेषज्ञता विकसित की है। जर्नलिज्म में एमए की डिग्री और वर्षों के अनुभव से विकसित विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण के साथ, रामानुज जटिल वित्तीय विषयों को सरल, विश्वसनीय और प्रभावी तरीके से पाठकों तक पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। अब तक वे 22,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article