बिजनेस

भारत-अमेरिका व्यापार वार्ता शुरू होने से शेयर बाजार दूसरे दिन भी चढ़ा, सेंसेक्स में 313 अंक की तेजी

वाणिज्य मंत्रालय ने मंगलवार को कहा कि द्विपक्षीय व्यापार समझौते पर भारत आए अमेरिकी दल के साथ दिन भर चली बातचीत सकारात्मक रही और दोनों पक्ष समझौते को शीघ्र और पारस्परिक रूप से लाभकारी बनाने के लिए प्रयास करने पर सहमत हुए।

Image

अमेरिका-भारत के बीच सकारात्मक बातचीत से शेयर बाजारों में तेजी का माहौल रहा। (फोटो क्रेडिट- iStok)

आईटी, बैंक और वाहन शेयरों में लिवाली से शेयर बाजार में बुधवार को लगातार दूसरे दिन तेजी रही और बीएसई सेंसेक्स 313 अंक के लाभ में रहा जबकि एनएसई निफ्टी 91 अंक चढ़ा। निवेशक भारत और अमेरिका के बीच द्विपक्षीय व्यापार समझौते पर सकारात्मक बातचीत से उत्साहित हैं। बीएसई के तीस शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक सेंसेक्स 313.02 अंक यानी 0.38 प्रतिशत की बढ़त के साथ 82,693.71 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान, यह 361.26 अंक यानी 0.43 प्रतिशत बढ़कर 82,741.95 अंक पर पहुंच गया था।

एनएसई का 50 शेयरों वाला सूचकांक निफ्टी 91.15 अंक यानी 0.36 प्रतिशत चढ़कर 25,330.25 अंक पर रहा। विश्लेषकों के अनुसार, अमेरिकी फेडरल रिजर्व द्वारा ब्याज दरों में कटौती की बढ़ती उम्मीदों और प्रस्तावित व्यापार समझौते पर अमेरिका-भारत के बीच सकारात्मक बातचीत से शेयर बाजारों में तेजी का माहौल रहा।

सेंसेक्स की कंपनियों में भारतीय स्टेट बैंक, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, कोटक महिंद्रा बैंक, मारुति, ट्रेंट और अल्ट्राटेक सीमेंट प्रमुख रूप से लाभ में रहीं। दूसरी तरफ, नुकसान में रहने वाले शेयरों में बजाज फिनसर्व, टाइटन, आईटीसी और टाटा स्टील शामिल हैं।

वाणिज्य मंत्रालय ने कही ये बात

वाणिज्य मंत्रालय ने मंगलवार को कहा कि द्विपक्षीय व्यापार समझौते पर भारत आए अमेरिकी दल के साथ दिन भर चली बातचीत सकारात्मक रही और दोनों पक्ष समझौते को शीघ्र और पारस्परिक रूप से लाभकारी बनाने के लिए प्रयास करने पर सहमत हुए।

अमेरिकी अधिकारियों के साथ दिन भर की बैठक के बाद मंत्रालय ने एक बयान में कहा, ‘‘पारस्परिक रूप से लाभकारी व्यापार समझौते को जल्द-से-जल्द पूरा करने के प्रयासों को तेज करने का निर्णय लिया गया है।’’ छोटी कंपनियों से जुड़ा बीएसई स्मॉलकैप सूचकांक 0.51 प्रतिशत मजबूत हुआ जबकि मझोली कंपनियों से संबंधित मिडकैप सूचकांक 0.19 प्रतिशत चढ़ा। बीएसई में सूचीबद्ध 2,408 शेयर लाभ में रहे जबकि 1,746 शेयरों में गिरावट रही। वहीं 174 शेयर के भाव अपरिवर्तित रहे।

बाजारों में बरकरार है तेजी

जियोजित इन्वेस्टमेंट्स लि. के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, ‘‘भारत-अमेरिका व्यापार वार्ता के फिर से शुरू होने और द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने के प्रयासों से भारतीय शेयर बाजारों ने अपनी तेजी बरकरार रखी। रुपये में स्थिरता ने निवेशकों का भरोसा बढ़ाया, जबकि अमेरिकी फेडरल रिजर्व के फैसले से पहले वैश्विक बाजारों में सतर्कता के साथ कारोबार हुआ।’’

लाइवलॉन्ग वेल्थ के शोध विश्लेषक एवं संस्थापक हरिप्रसाद के. ने कहा, ‘‘निफ्टी ने अपनी तेजी जारी रखी, सकारात्मक शुरुआत की और पूरे सत्र के दौरान 25,300 के दायरे में टिका रहा। यह मजबूत अंतर्निहित धारणा को बताता है। अगला बड़ा संकेत अमेरिकी फेडरल रिजर्व के ब्याज दरों पर फैसला होगा। लोग ब्याज दर में कटौती की उम्मीद कर रहे हैं।’’

एशिया के अन्य बाजारों में चीन का शंघाई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंगसेंग सकारात्मक दायरे में रहे, जबकि दक्षिण कोरिया का कॉस्पी और जापान का निक्की गिरावट के साथ बंद हुए। यूरोप के प्रमुख बाजारों में दोपहर के कारोबार में तेजी का रुख था। अमेरिकी बाजार मंगलवार को गिरावट के साथ बंद हुए थे।

वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.58 प्रतिशत टूटकर 68.07 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया। विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) मंगलवार को लिवाल रहे। शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, उन्होंने 308.32 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे। सेंसेक्स मंगलवार को 594.95 अंक चढ़ा था जबकि निफ्टी 169.90 अंक के लाभ में रहा था।

(इनपुट-भाषा)

Gaurav Tiwari
गौरव तिवारीauthor

गौरव तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में टेक और ऑटो बीट को कवर करते हैं। मीडिया इंडस्ट्री में 9 वर्षों के अनुभव के साथ, गौरव तकनीकी दुनिया की तेजी से बदलती जानकारियो को सरल और समझने योग्य भाषा में पेश करने के लिए जाने जाते हैं। वह गैजेट रिव्यू, टेलिकॉम अपडेट्स, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, साइबर क्राइम, टिप्स एंड ट्रिक्स, ई-कॉमर्स और ऑटोमोबाइल सेक्टर की महत्वपूर्ण खबरों पर लगातार काम करते हैं। गौरव अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं। उनकी स्टोरीज न सिर्फ टेक-सेवी पाठकों के लिए उपयोगी होती हैं, बल्कि आम यूजर्स को भी नई तकनीक समझने और अपनाने में मदद करती हैं।

और पढ़ें
End of Article