Stock Market Outlook Next Week: विश्लेषकों का मानना है कि शेयर बाजारों की दिशा अगले कारोबारी हफ्ते में वैश्विक बाजारों के रुख, विदेशी निवेशकों की एक्टिविटी और घरेलू मोर्चे पर मैक्रोइकोनॉमिक डेटा से तय होगी। पिछले सप्ताह उम्मीद से बेहतर सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) की वृद्धि दर के आंकड़ों से बाजार में रिकॉर्ड तेजी आई। बता दें कि अगले हफ्ते शुक्रवार को 'महाशिवरात्रि' के अवसर पर शेयर बाजार बंद रहेंगे। स्वस्तिका इन्वेस्टमार्ट के रिसर्च हेड संतोष मीणा के अनुसार शेयर बाजार की नजर कई प्रमुख घटनाक्रमों पर रहेगी, जिनमें 5 मार्च को अमेरिका के सर्विस पीएमआई आंकड़े और 8 मार्च को अमेरिका के बेरोजगारी के आंकड़े शामिल हैं। उन्होंने कहा कि कच्चे तेल के दाम भी ऊपर चढ़ रहे हैं और इससे बाजार का 'मूड' प्रभावित हो सकता है। हालांकि, अभी बाजार किसी बुरी खबर को नजरअंदाज कर रहा है और इसमें तेजी की रफ्तार कायम है।
ये भी पढ़ें -
घरेलू मोर्चे पर कौन से फैक्टर रहेंगे अहम
घरेलू मोर्चे पर बात की जाए, तो सर्विस सेक्टर के लिए खरीद प्रबंधक सूचकांक (पीएमआई) के आंकड़े मंगलवार को आएंगे। मास्टर कैपिटल सर्विसेज के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट अरविंदर सिंह नंदा ने कहा कि इस हफ्ते मार्केट वैश्विक और घरेलू आर्थिक आंकड़ों, एफआईआई/डीआईआई के निवेश के रुख, कच्चे तेल के भंडार, डॉलर के मुकाबले रुपये की चाल और वैश्विक बाजारों के रुख पर रेस्पॉन्स देगा।
पिछले सप्ताह कैसा रहा शेयर बाजार
पिछले सप्ताह बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 663.35 अंक या 0.90 प्रतिशत चढ़ गया। वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 165.7 अंक या 0.74 प्रतिशत मजबूत हुआ। शनिवार को सेंसेक्स 60.80 अंक या 0.08 प्रतिशत चढ़कर 73,806.15 के अपने ऑल-टाइम हाई पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय इसने 73,994.70 के अपने ऑल-टाइम हाई रिकॉर्ड लेवल को छुआ।
वहीं निफ्टी 39.65 अंक या 0.18 प्रतिशत बढ़कर 22,378.40 के रिकॉर्ड स्तर पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान यह 22,419.55 के अपने रिकॉर्ड ऑल-टाइम हाई पर पहुंचा था।
शनिवार को भी हुआ कारोबार
प्रमुख स्टॉक एक्सचेंज बीएसई और एनएसई ने प्राथमिक साइट पर प्रमुख व्यवधानों या विफलता से निपटने के लिए अपनी तैयारियों की जांच करने के लिए शनिवार को इक्विटी और इक्विटी डेरिवेटिव सेगमेंट में एक स्पेशल ट्रेडिंग सेशन का आयोजन किया।
