बिजनेस

शेयर बाजार ही नहीं... रुपया भी धड़ाम! डॉलर के सामने रुपये में आज बड़ी गिरावट, जानें भाव

Dollar vs Rupee: करेंसी एक्सपर्ट के मुताबिक, अमेरिका के साथ ट्रेड डील नहीं होने और टैरिफ बढ़ने की चिंताओं और घरेलू शेयर बाजारों में कमजोरी ने विदेशी निवेशकों द्वारा शेयर की बिकवाली को बढ़ावा दिया जिससे स्थानीय मुद्रा पर और दबाव पड़ा। इससे रुपये में आज बड़ी गिरावट आई।

डॉलर बनाम रुपया

डॉलर बनाम रुपया

Dollar vs Rupee: भारतीय शेयर बाजार में आज बड़ी गिरावट रही। इसके चलते निवेशकों के लाखों करोड़ रुपये डूब गए हैं। हालांकि, भारतीय बाजार में ही अकेले गिरावट नहीं है। रुपया भी तेजी से फिसला। आज डॉलर के मुकाबले रुपये में बड़ी गिरावट रही। शुक्रवार को अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले रुपया 26 पैसे टूटकर 90.16 (अस्थायी) प्रति डॉलर पर बंद हुआ। आपको बता दें कि रुपया शुक्रवार को शुरुआती कारोबार में सात पैसे टूटकर अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 89.97 पर खुला था। वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों में वृद्धि और विदेशी पूंजी की निरंतर निकासी से घरेलू मुद्रा दबाव में रही।

इस कारण टूट रहा रुपया

करेंसी एक्सपर्ट के मुताबिक, अमेरिका के साथ ट्रेड डील नहीं होने और टैरिफ बढ़ने की चिंताओं और घरेलू शेयर बाजारों में कमजोरी ने विदेशी निवेशकों द्वारा शेयर की बिकवाली को बढ़ावा दिया जिससे स्थानीय मुद्रा पर और दबाव पड़ा। इससे रुपये में आज बड़ी गिरावट आई। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया, अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 88.88 पर खुला। हालांकि बाद में फिसलकर 89.97 प्रति डॉलर पर आ गया जो पिछले बंद भाव से सात पैसे की गिरावट दर्शाता है। विदेशी पूंजी की निरंतर निकासी और अमेरिकी डॉलर के मजबूत रुख के कारण रुपया बृहस्पतिवार को तीन पैसे टूटकर अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 89.90 पर बंद हुआ था।

एक्सपर्ट का क्या है कहना?

फिनरेक्स ट्रेजरी एडवाइजर्स एलएलपी के कार्यकारी निदेशक अनिल कुमार भंसाली ने कहा, "रुपया 89.88 पर उच्च स्तर पर खुला, लेकिन शेयर बाजारों में फिर से गिरावट शुरू होने के कारण यह टूटकर 90.25 पर आ गया। अमेरिकी उच्चतम न्यायालय का शुल्क पर फैसला आज आने वाला है और हम उस फैसले का इंतजार कर रहे हैं, जिसका असर सोमवार को भारतीय शेयरों और रुपये पर पड़ सकता है।" इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.11 प्रतिशत बढ़कर 99.04 पर रहा। अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड का भाव 0.56 प्रतिशत की बढ़त के साथ 62.34 डॉलर प्रति बैरल रहा।

मिराए एसेट शेयरखान के शोध विश्लेषक अनुज चौधरी ने कहा, ‘‘हम उम्मीद करते हैं कि वैश्विक बाजारों में जोखिम से बचने की प्रवृत्ति और भू-राजनीतिक तनाव के कारण रुपया कमजोर रुख के साथ कारोबार करेगा। अमेरिकी डॉलर में मजबूती और वैश्विक कच्चे तेल की कीमतों में तेजी भी रुपया पर दबाव डाल सकती है।’’ उन्होंने कहा कि विदेशी निवेशकों (एफआईआई) का पैसा बाहर निकलना भी रुपया कमजोर होने का कारण बन सकता है। हालांकि, केंद्रीय बैंक द्वारा हस्तक्षेप रुपया को निचले स्तर पर सहारा दे सकता है।

शेयर बाजार में भारी गिरावट

इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 98.93 पर स्थिर रहा। बीएसई सेंसेक्स 604.72 अंक की गिरावट के साथ 83,576.24 ,एनएसई निफ्टी 193.55 अंक टूटकर 25,683.30 अंक पर बंद हुआ। अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड का भाव 0.53 प्रतिशत की बढ़त के साथ 62.32 डॉलर प्रति बैरल रहा। शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) बृहस्पतिवार को बिकवाल रहे थे और उन्होंने शुद्ध रूप से 3,367.12 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। बिज़नेस (Business News) अपडेट और आज का सोने का भाव (Gold Rate Today), आज की चांदी का रेट (Silver Rate Today) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

आलोक कुमार
आलोक कुमार author

आलोक कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में एसोसिएट एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। इलेक्ट्रॉनिक, डिजिटल और प्रिंट मीडिया में 17 वर्षों से अधिक का व्यापक अनुभ... और देखें

End of Article