Gold And Silver Price Today In India (सोना का भाव आज का) 30 November 2025 : सोना और चांदी की कीमतों में लगातार बदलाव हो रहे हैं। इंडियन बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन (IBJA) के अनुसार शुक्रवार को बाजार बंद होने तक 24 कैरेट सोने का दाम बढ़कर 1,26,591 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गया। वहीं चांदी की कीमत भी बढ़कर 1,64,359 रुपये प्रति किलो हो गई। चूंकि शनिवार और रविवार को बाजार बंद है, इसलिए दोनों दिन यही भाव मान्य रहेगा। आइए जानते हैं IBJA द्वारा जारी 24 कैरेट, 23 कैरेट, 22 कैरेट, 18 कैरेट और 14 कैरेट सोने के ताजा रेट के साथ-साथ चांदी की लेटेस्ट कीमतें।
आज का सोने-चांदी का भाव इस प्रकार है :- (Gold, Silver Rate Today in Hindi)
- सोना 24 कैरेट 126591 रुपये प्रति 10 ग्राम
- सोना 23 कैरेट 126084 रुपये प्रति 10 ग्राम
- सोना 22 कैरेट 115957 रुपये प्रति 10 ग्राम
- सोना 18 कैरेट 94943 रुपये प्रति 10 ग्राम
- सोना 14 कैरेट 74056 रुपये प्रति 10 ग्राम
- चांदी 999 164359 रुपये प्रति किलोग्राम
पिछले दिन क्या रहे सोना-चांदी के भाव
बाजार के जानकारों के मुताबिक वैश्विक बाजारों में मजबूत रुख और निवेशकों की कारोबारी दिलचस्पी को देखते हुए शुक्रवार को दिल्ली के सर्राफा बाजार में सोने की कीमत 700 रुपये बढ़कर 1,30,160 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गई। 99.5 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने की कीमत 700 रुपये बढ़कर 1,29,560 रुपये प्रति 10 ग्राम (सभी टैक्स मिलाकर) हो गयी। चांदी की कीमत में भी लगातार चौथे सत्र में तेजी जारी रही और यह 3,000 रुपये बढ़कर 1,71,200 रुपये प्रति किलोग्राम (सभी टैक्स मिलाकर) हो गई। सोमवार को जो चांदी 1,55,000 रुपये प्रति किग्रा के स्तर पर थी वह पिछले चार सत्रों में 16,200 रुपये और बढ़ गई। अंतरराष्ट्रीय बाजार में, हाजिर सोना 12.44, या 0.30 प्रतिशत बढ़कर 4,169.88 डॉलर प्रति औंस हो गया। हाजिर चांदी 0.77 प्रतिशत बढ़कर 53.81 डॉलर प्रति औंस पर रही। यह लगातार पांचवां दिन है, जब इसमें बढ़त है।
वायदा बाजार में सोना-चांदी की कीमतें
मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) में दिसंबर में आपूर्ति वाले अनुबंधों के सोने का भाव 596 रुपये या 0.47 प्रतिशत की बढ़त के साथ 1,26,100 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। इसमें 4,496 लॉट के लिए कारोबार हुआ। फरवरी 2026 में आपूर्ति वाले अनुबंधों की कीमत 669 रुपये या 0.52 प्रतिशत की बढ़त के साथ 1,28,336 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गई। इसमें 10,370 लॉट के लिए कारोबार हुआ। इस बीच चांदी में भी तेजी देखी गई।
मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) में दिसंबर में आपूर्ति वाले चांदी के वायदा अनुबंधों की कीमत 1,183 रुपये या 0.73 प्रतिशत की बढ़त के साथ 1,63,650 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई। इसमें 5,799 लॉट के लिए कारोबार हुआ। इसी प्रकार मार्च 2026 में आपूर्ति वाले अनुबंधों की कीमत 1,373 रुपये या 0.83 प्रतिशत चढ़कर 1,67,360 रुपये प्रति किलोग्राम हो गया जिसमें 15,578 लॉट के लिए कारोबार हुआ।
वैश्विक स्तर पर भी सोना व चांदी की कीमतों में तेजी रही। कॉमेक्स सोने का वायदा भाव 0.53 प्रतिशत की तेजी के साथ 4,187.4 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया। दूसरी ओर चांदी की कीमत 1.71 प्रतिशत चढ़कर 53.82 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गई।
क्या कहते हैं एक्सपर्ट
न्यूज एजेंसी पीटीआई-भाषा के मुताबिक एचडीएफसी सिक्योरिटीज में वरिष्ठ विश्लेषक (जिंस) सौमिल गांधी ने कहा कि सोने में तेजी आई। दिसंबर में फेडरल रिजर्व के ब्याज दर कटौती की बढ़ती उम्मीदों से इसे समर्थन मिला। उन्होंने कहा कि फेडरल रिजर्व द्वारा संभावित ब्याज दर कटौती को लेकर नई उम्मीद और डॉलर के स्थिर रहने से इस हफ्ते सोने की कीमतों को अच्छा समर्थन मिला है। मिराए एसेट शेयरखान के जिंस प्रमुख प्रवीण सिंह ने कहा कि फेडरल रिजर्व के अधिकारियों की हाल में नरम टिप्पणियों के बाद ब्याज दर में कटौती की उम्मीद से हाजिर सोना की बोली अच्छी बनी हुई है।
