SIP vs FD: निवेश को लेकर हर दूसरे व्यक्ति के मन में एक ही सवाल रहता है। सवाल यही कि पैसा फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) में लगाया जाए या फिर सिस्टेमैटिक इन्वेस्टमेंट प्लान (SIP) में लगाया जाए। दोनों ही निवेश विकल्पों की अपनी-अपनी खूबियां हैं। FD निश्चित रिटर्न और पूंजी की सुरक्षा प्रदान करती है, जबकि SIP के जरिए निवेशक म्यूचुअल फंड में नियमित निवेश कर बाजार आधारित रिटर्न का लाभ उठा सकते हैं। असल में सही विकल्प का चुनाव निवेशक के लक्ष्य, जोखिम उठाने की क्षमता और निवेश अवधि पर निर्भर करता है।
FD किसके लिए अच्छा विकल्प
FD उन लोगों के लिए एक लोकप्रिय निवेश विकल्प है, जो अपने पैसे की सुरक्षा चाहते हैं। इसमें निवेशक को पहले से पता होता है कि निवेश की अवधि पूरी होने पर उसे कितना रिटर्न मिलेगा। बाजार में उतार-चढ़ाव का FD पर कोई असर नहीं पड़ता, इसलिए यह जोखिम से बचने वाले निवेशकों के लिए उपयुक्त माना जाता है। इसके अलावा, FD से नियमित आय प्राप्त करने का विकल्प भी उपलब्ध होता है, जो रिटायर्ड लोगों या निश्चित आय चाहने वालों के लिए फायदेमंद हो सकता है।
SIP किसके लिए अच्छा विकल्प
दूसरी ओर, SIP म्यूचुअल फंड में नियमित निवेश का एक तरीका है। इसमें निवेशक हर महीने एक निश्चित राशि निवेश करता है। SIP का सबसे बड़ा फायदा यह है कि इसमें छोटी रकम से भी निवेश शुरू किया जा सकता है। SIP के जरिए निवेशकों को "रुपी कॉस्ट एवरेजिंग" का लाभ मिलता है, जिससे बाजार के उतार-चढ़ाव का प्रभाव कम हो सकता है। इसके अलावा, लंबी अवधि तक निवेश बनाए रखने पर कंपाउंडिंग का फायदा मिलता है, जिससे निवेश की राशि समय के साथ तेजी से बढ़ सकती है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़े: PNB या HDFC Bank 3 साल की FD में कहां जमा करें 6 लाख; सीनियर सिटिजन को यहां मिलेगा ज्यादा फायदा
किसमें ज्यादा फायदा
अगर आप मध्यम अवधि जैसे 7 साल के लिए निवेश करना चाहते हैं तो FD की जगह SIP को चुना जा सकता है। हालांकि, SIP बाजार से जुड़ा निवेश है, जिसमें उतार-चढ़ाव का जोखिम रहता है, लेकिन लंबी अवधि में FD की तुलना में अधिक रिटर्न मिलने की संभावना भी होती है। 7 साल जैसी अवधि में अगर आपका लक्ष्य अधिक फंड बनाना है और आप कुछ जोखिम उठा सकते हैं, तो SIP बेहतर विकल्प साबित हो सकती है। एसआईपी के साथ स्टेप-अप एसआईपी यानी हर साल एक निश्चित राशि बढ़ाते हुए निवेश करते हैं तो FD की तुलना में अच्छा रिटर्न पा सकते हैं। वहीं, जोखिम नहीं उठाना चाहते हैं तो रिटायरमेंट के बाद निश्चित आय के लिए एफडी में पैसा लगा सकते हैं।
