क्रिकेट

अफगानिस्तान के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए भारतीय टीम ने किया अभ्यास, फिट वॉशिंगटन से बहाया पसीना

भारतीय टीम ने अफगानिस्तान के खिलाफ 13 सितंबर को शुरू होने जा रही तीन मैच की टी20 सीरीज के लिए नई दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में अभ्यास शुरू कर दिया है। चोट से उबरकर टीम में वापसी करने वाले वॉशिंगटन सुंदर ने मैदान पर पसीना बहाया।

Image

वॉशिंगटन सुंदर (फोटो क्रेडिट Washington Sundar X)

नई दिल्ली: फिट हुए वॉशिंगटन सुंदर ने गुरुवार को भारतीय टीम के दोपहर के नेट सत्र में जमकर बल्लेबाजी का अभ्यास किया जबकि टीम प्रबंधन अफगानिस्तान के खिलाफ रविवार से शुरू होने वाली तीन मैच की सीरीज से पहले जसप्रीत बुमराह और नीतिश रेड्डी के टीम से जुड़ने का इंतजार कर रहा था। वैभव सूर्यवंशी, ईशान किशन और तिलक वर्मा ने चेन्नई में दलीप ट्रॉफी का फाइनल खेला। इसके कारण दिल्ली की भीषण गर्मी में प्रशिक्षण के लिए केवल 10 खिलाड़ी ही उपलब्ध थे।

बुमराह चोट से उबर चुके हैं और उन्होंने मैदान पर वापसी से जुड़े सभी प्रोटोकॉल पूरे कर लिए हैं। वह नीतिश रेड्डी के साथ शुक्रवार से टीम के अभ्यास सत्र में शामिल होंगे। वॉशिंगटन सुंदर और वरुण चक्रवर्ती ने मुख्य कोच गौतम गंभीर और स्पिन गेंदबाजी कोच साईराज बहुतुले की निगरानी में ’सिंगल-विकेट ड्रिल’ में काफी गेंदबाजी की। वॉशिंगटन ने मुख्य मैदान के अंदर ’सेंटर नेट्स’ में काफी नियंत्रित तरीके से गेंदबाजी की। हालांकि आयु वर्ग और डीपीएल टीम से चुने गए नेट गेंदबाजों के खिलाफ बल्लेबाजी करते समय वह कुछ असहज नजर आए। उनके शॉट्स में टाइमिंग नहीं थी और बल्लेबाजी में सहजता भी साफ तौर पर नजर नहीं आई।

हर्षित राणा के स्थान पर टीम में शामिल किए गए यश ठाकुर ने भी स्पॉट बॉलिंग का अभ्यास करते हुए खूब पसीना बहाया। फिरोजशाह कोटला के ’बी’ नेट्स में संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा ने बारी-बारी से अक्षर पटेल और रवि बिश्नोई का सामना किया। वहीं 45 मिनट चले इस अभ्यास सत्र के दौरान अभिषेक शर्मा ज्यादा सहज नजर आए। उन्होंने स्पिनरों और दिल्ली के ऑफ-स्पिनर ऋतिक शौकीन के खिलाफ भी आक्रामक बल्लेबाजी की।

भारतीय टीम के तेज गेंदबाजी कोच मोर्ने मोर्केल गुरुवार को उपस्थित नहीं थे क्योंकि वह श्रीलंका से अपने घर लौट गए हैं। भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) के एक सूत्र ने गोपनीयता की शर्त पर पीटीआई को बताया,'मोर्ने का ’वर्क वीजा’ खत्म हो गया था। उन्हें अपने ’वर्क वीजा’ के नवीनीकरण के लिए दक्षिण अफ्रीका वापस जाना पड़ा। हमें उम्मीद है कि वह अगले कुछ दिनों में लौट आएंगे।'

बीसीसीआई भारतीय टीम के वरिष्ठ फिजियो कमलेश जैन को हटाने की पूरी तैयारी में है। पिछले छह से आठ महीनों में खिलाड़ियों के लगातार चोटिल होने की घटनाओं ने टीम की योजनाओं को काफी प्रभावित किया है। सूत्र ने बताया,'कमलेश का ’नोटिस पीरियड’ चल रहा है। चूंकि अफगानिस्तान सीरीज में एशियाई खेलों की टीम खेल रही है इसलिए फिजियो और स्ट्रेंथ एंड कंडीशनिंग कोच ही जापान की यात्रा करेंगे।' माना जा रहा है कि राष्ट्रीय चयनकर्ताओं और मुख्य कोच गौतम गंभीर द्वारा प्रमुख खिलाड़ियों के लगातार चोटिल होने को लेकर चिंता जताए जाने के बाद खेल विज्ञान टीम के किसी सदस्य को इसकी जिम्मेदारी लेनी पड़ी। फिजियो होने के कारण कमलेश जैन पिछले कुछ समय से सवालों के घेरे में थे।

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article