राजधानी दिल्ली का विशाल भारत मंडपम 12 और 13 सितंबर को होने वाले 18वें 'ब्रिक्स' शिखर सम्मेलन की मेजबानी के लिए पूरी तरह सज-धज कर तैयार है। इस ऐतिहासिक आयोजन में चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग, रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन समेत सदस्य देशों के कई शीर्ष राष्ट्राध्यक्ष शामिल हो रहे हैं। सम्मेलन के पहले दिन यानी 12 सितंबर की शाम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा वैश्विक नेताओं के सम्मान में एक विशेष रात्रिभोज (Gala Dinner) का आयोजन किया जाएगा, जो भारत के भव्य सांस्कृतिक वैभव का गवाह बनेगा।
इस विशेष रात्रिभोज के दौरान एक भव्य 'ब्रिक्स सांस्कृतिक कार्यक्रम' पेश किया जाएगा। इस कार्यक्रम की मुख्य विशेषता भारत और ब्रिक्स देशों के लगभग 160 कलाकारों की एक संयुक्त प्रस्तुति होगी। विदेश मंत्रालय के सांस्कृतिक प्रभाग 'भारतीय सांस्कृतिक संबंध परिषद' (ICCR) द्वारा संचालित इस 20 से 25 मिनट के सांस्कृतिक शो में भारत के लगभग 100 से अधिक दिग्गज कलाकार हिस्सा ले रहे हैं।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें: हो गया कंफर्म भारत आ रहे शी जिनपिंग, ब्रिक्स सम्मेलन में PM मोदी से होगी मुलाकात, विदेश मंत्रालय ने की पुष्टि
प्रस्तुति के दौरान भारतीय नर्तक और संगीतकार देश के विभिन्न हिस्सों का प्रतिनिधित्व करते हुए भरतनाट्यम, कुचिपुड़ी, ओडिशी और कथक जैसे प्रसिद्ध शास्त्रीय नृत्यों का प्रदर्शन करेंगे। इसके साथ ही, पारंपरिक वाद्य यंत्रों की सुरीली धुनें और मनमोहक गायन प्रस्तुतियों के माध्यम से मेहमानों का स्वागत किया जाएगा। इस शो में ब्रिक्स के अन्य सदस्य देशों के संगीतकार भी अपनी धुनों से समां बांधेंगे।
उल्लेखनीय है कि वर्ष 2026 ब्रिक्स समूह की स्थापना का 20वां वर्ष भी है। हाल के वर्षों में मिस्र, इथियोपिया, ईरान, यूएई, सऊदी अरब और इंडोनेशिया जैसे नए देशों के जुड़ने से यह मंच वैश्विक स्तर पर और भी अधिक शक्तिशाली बनकर उभरा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर भारत मंडपम का एक आकर्षक 30-सेकंड का वीडियो साझा करते हुए लिखा, "ब्रिक्स-2026 के लिए पूरी तरह तैयार," जिसने इस बहुप्रतीक्षित शिखर सम्मेलन के प्रति उत्सुकता को और बढ़ा दिया है।
