बिजनेस

Share Market Today: दिसंबर के पहले दिन रिकॉर्ड हाई पर खुला सेंसेक्स, निफ्टी ने भी मारी बाजी

Share Market Today: दिसंबर के पहले ही ट्रेडिंग दिन भारतीय शेयर बाजार ने धमाकेदार शुरुआत की। वैश्विक बाजारों से मिले सकारात्मक संकेतों और घरेलू निवेशकों की मजबूत खरीदारी के दम पर सेंसेक्स आज रिकॉर्ड हाई 86,065 के स्तर पर खुला, जबकि निफ्टी ने भी ऊँची उड़ान भरते हुए बढ़त दर्ज की। शुरुआती कारोबार में आई यह मजबूती निवेशकों के सेंटीमेंट को और बेहतर बनाती दिख रही है।

Image

Share Market Today

Share Market Today: दिसंबर के पहले ही ट्रेडिंग दिन भारतीय शेयर बाजार ने जबरदस्त शुरुआत की। वैश्विक संकेतों की मजबूती और घरेलू निवेशकों की खरीदारी के दम पर सेंसेक्स 350 अंकों की तेजी के साथ आज अपने रिकॉर्ड हाई 86,065 के स्तर पर खुला, जबकि निफ्टी ने भी बढ़त के साथ शुरुआत करते हुए बाजी मार ली। पिछले हफ्ते बाजार में काफी उतार-चढ़ाव देखने को मिला था। गुरुवार को सेंसेक्स और निफ्टी ऑल-टाइम हाई तक पहुंचे, लेकिन उसके बाद दबाव में आकर फिसल गए। इसके बावजूद बीते सप्ताह बीएसई सेंसेक्स 474.75 अंक मजबूत रहा, जबकि एनएसई निफ्टी भी 134.8 अंकों की बढ़त के साथ बंद हुआ। अब दिसंबर के पहले दिन बाजार में नया रिकॉर्ड बनेगा या फिर गिरावट देखने को मिलेगी इस पर सबकी नजरें टिकी हैं।

सेंसेक्स निफ्टी का हाल

हफ्ते के पहले कारोबारी दिन सोमवार, 1 दिसंबर को शेयर बाजार मजबूत शुरुआत के साथ हरे निशान में बना हुआ है। सेंसेक्स 300 अंक चढ़कर 86,000 के ऊपर कारोबार कर रहा है, जबकि निफ्टी भी 100 अंक की बढ़त के साथ 26,300 तक पहुंच गया है। सेंसेक्स के 30 में से 27 शेयर ऊपर हैं और निफ्टी के 50 में से 44 शेयरों में तेजी दिख रही है। ऑटो, मेटल और बैंकिंग सेक्टर्स आज बाजार को मजबूती दे रहे हैं, जबकि FMCG और कंज्यूमर ड्यूरेबल्स में हल्की गिरावट दिख रही है।

एशियाई बाजारों का हाल

एशियाई बाजारों की बात करें तो आज मिलाजुला कारोबार देखने को मिल रहा है। कोरिया का कोस्पी 0.20% नीचे और जापान का निक्केई 1.91% की बड़ी गिरावट में है। दूसरी ओर, हॉन्गकॉन्ग का हैंगसेंग इंडेक्स 0.80% ऊपर कारोबार कर रहा है। अमेरिकी बाजारों ने भी मजबूती दिखाई, जहां 28 नवंबर को डाउ जोन्स 0.61% चढ़कर 47,716 पर बंद हुआ। नैस्डेक कंपोजिट में 0.65% और S&P 500 में 0.54% की बढ़त रही।

विदेशी निवेशकों की बिकवाली

नवंबर महीने में विदेशी निवेशकों (FIIs) ने बाजार से जोरदार बिकवाली की। उन्होंने कुल ₹17,500.31 करोड़ के शेयर बेचे हैं। सिर्फ 28 नवंबर को ही FIIs ने कैश सेगमेंट में ₹3,795.72 करोड़ की बिकवाली की, जबकि घरेलू निवेशक (DIIs) उसी दिन ₹4,148.48 करोड़ की खरीदारी लेकर आए। पूरे नवंबर में DIIs ने ₹77,083.78 करोड़ की भारी खरीदारी की, जिससे साफ है कि बाजार को मजबूत घरेलू समर्थन मिल रहा है।

पिछले कारोबारी सत्र शुक्रवार, 28 नवंबर को बाजार कमजोर बंद हुआ था। सेंसेक्स 14 अंक फिसलकर 85,707 पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 13 अंक की गिरावट के साथ 26,203 पर रहा। उस दिन ऑयल एंड गैस, रियल्टी, प्राइवेट बैंकिंग और IT शेयरों में गिरावट रही, जबकि मीडिया, मेटल, फार्मा और हेल्थकेयर इंडेक्स भी कमजोरी के साथ बंद हुए।

(Disclaimer: यह लेख केवल सूचना देने के उद्देश्य से प्रस्तुत किया गया है और इसे किसी प्रकार की निवेश सलाह के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए। टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल अपने पाठकों/दर्शकों को सलाह देता है कि किसी भी वित्तीय निर्णय से पहले अपने वित्तीय सलाहकार से परामर्श जरूर करें।)

Richa Tripathi
रिचा त्रिपाठीauthor

रिचा त्रिपाठी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में बिजनेस डेस्क पर सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। मीडिया इंडस्ट्री में 7 वर्षों के अनुभव के साथ रिचा, पर्सनल फाइनेंस, स्टॉक मार्केट, टैक्स प्लानिंग और अर्थव्यवस्था से जुड़े विषयों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। अब तक 8,000 से अधिक कंटेंट लिख चुकी रिचा की विशेषता है—जटिल वित्तीय जानकारियों को सरल, स्पष्ट और भरोसेमंद तरीके से पाठकों तक पहुंचाना। वह ऐसी स्टोरीज तैयार करती हैं जो न केवल जानकारीपूर्ण होती हैं, बल्कि आम पाठक की वित्तीय समझ को बेहतर बनाने में भी मदद करती हैं।

और पढ़ें
End of Article