दिसंबर का पहला दिन देशभर के उपभोक्ताओं के लिए राहत लेकर आया है। तेल मार्केटिंग कंपनियों ने महीने की शुरुआत में ही एलपीजी गैस सिलिंडर के दामों में कटौती की घोषणा की है। यह कटौती कमर्शियल गैस सिलिंडरों पर लागू की गई है, जिसका असर होटलों, रेस्टोरेंटों और छोटे दुकानदारों की जेब पर पड़ेगा। नई कीमतें 1 दिसंबर, सोमवार से लागू हो चुकी हैं। हालांकि घरेलू रसोई गैस सिलिंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है, जिससे आम घरों के बजट पर कोई असर नहीं पड़ेगा।
पिछले कुछ महीनों से कमर्शियल गैस सिलिंडर के दामों में उतार-चढ़ाव जारी है। नवंबर में तेल कंपनियों ने 5 रुपये की कटौती की थी, जबकि सितंबर में 51 रुपये तक सस्ती हुई थी। हालांकि अक्टूबर में इसकी कीमत 16 रुपये बढ़ाई गई थी। दिसंबर में की गई यह नई कटौती त्योहारों और शादी के सीजन में व्यापारियों को राहत देगी।
कमर्शियल LPG सिलिंडर की कीमतों में कितनी कमी?
इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन (IOCL) की आधिकारिक वेबसाइट के मुताबिक, 19 किलो वाले कमर्शियल LPG सिलिंडर के दाम में 10 रुपये तक की कमी की गई है। यह कटौती देश के चारों महानगरों में लागू हुई है। नई कीमतें इस प्रकार हैं
- दिल्ली: पहले 1,590.50 रुपये था, अब 1,580.50 रुपये
- कोलकाता: 1,694 रुपये से घटकर 1,684 रुपये
- मुंबई: पहले 1,541 रुपये था, अब 1,531 रुपये
- चेन्नई: 1,749.50 रुपये से घटकर 1,739.50 रुपये
कमर्शियल गैस सिलिंडर के दामों पर सीधा प्रभाव होटल, कैफे, ढाबा और फूड इंडस्ट्री पर पड़ता है। कीमतें कम होने से इन संस्थानों के लिए कुकिंग कॉस्ट थोड़ी कम हो जाएगी, जिससे उन्हें राहत मिलेगी।
घरेलू LPG सिलिंडर की कीमतें यथावत
तेल कंपनियों ने 14.2 किलो वाले घरेलू रसोई गैस सिलिंडर के दामों में कोई बदलाव नहीं किया है। नवंबर और अक्टूबर में भी घरेलू गैस के रेट स्थिर रहे थे। देश के अधिकांश शहरों में घरेलू सिलिंडर की कीमत 850 रुपये से 960 रुपये के बीच है।
कुछ प्रमुख शहरों में वर्तमान कीमतें इस प्रकार हैं:
- दिल्ली: 853 रुपये
- मुंबई: 852.50 रुपये
- लखनऊ: 890.50 रुपये
- वाराणसी: 916.50 रुपये
- अहमदाबाद: 860 रुपये
- हैदराबाद: 905 रुपये
- पटना: 951 रुपये
घरेलू कीमतें न बढ़ने से आम परिवारों के मासिक बजट में कोई अतिरिक्त बोझ नहीं पड़ेगा।
क्यों बदलती रहती हैं LPG की कीमतें?
एलपीजी सिलिंडर के दाम हर महीने बदलते रहते हैं, और इसकी पीछे कई आर्थिक वजहें होती हैं। अंतरराष्ट्रीय बाजार में क्रूड ऑइल और गैस की कीमतों में उतार-चढ़ाव, डॉलर के मुकाबले रुपये की मजबूती या कमजोरी, सरकार द्वारा लगाए गए टैक्स और सब्सिडी, साथ ही ट्रांसपोर्टेशन लागत मिलकर एलपीजी की नई कीमतें तय करते हैं। कमर्शियल एलपीजी सिलिंडर की कीमतें घरेलू सिलिंडर की तुलना में ज्यादा बार बदलती हैं, क्योंकि इसे इंडस्ट्री से जुड़ा उत्पाद माना जाता है और इसका प्राइस निर्धारण ग्लोबल मार्केट मूवमेंट से ज्यादा प्रभावित होता है।
