Share Market News Today, 21 Nov 2022: एशियाई शेयरों में कमजोरी के रुख के बीच आज हफ्ते के पहले कारोबारी दिन यानी सोमवार को डोमेस्टिक बाजार में गिरावट आई। शुरुआती कारोबार में प्रमुख शेयर सूचकांक सेंसेक्स और निफ्टी गिरावट के साथ कारोबार कर रहे हैं। सोमवार को बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का प्रमुख इंडेक्स सेंसेक्स (Sensex) 290.62 अंक गिरकर 61372.86 के स्तर पर खुला था। वहीं व्यापक एनएसई निफ्टी 83.20 अंक टूटकर 18224.50 के स्तर पर खुला था। शुरुआती कारोबार में 1074 शेयरों में तेजी आई, 974 शेयरों में गिरावट आई और 146 शेयरों में कोई बदलाव नहीं हुआ। इसके बाद गिरावट और भी बढ़ गई और सेंसेक्स 500 अंक तक फिसल गया। सुबह 9:40 बजे सेंसेक्स 473.65 अंक (0.77 फीसदी) फिसलकर 61,189.83 पर पहुंच गया। इस दौरान निफ्टी 141.45 अंक फिसलकर 18,166.20 पर कारोबार कर रहा था।
उल्लेखनीय है कि शेयर बाजार के अस्थाई आंकड़ों के मुताबिक विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) ने शुक्रवार को शुद्ध रुप से 751.20 करोड़ रुपये के शेयर बेचे थे। अन्य एशियाई बाजारों में सोल, तोक्यो, शंघाई और हांगकांग के बाजार लाल निशान में थे।
वैश्विक रुख से तय होगी बाजार की चाल
इस हफ्ते वैश्विक रुख और विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों के प्रवाह से भारतीय शेयर बाजार की दिशा तय होगी। एक्सपर्ट्स की मानें, तो मासिक डेरिवेटिव अनुबंधों के निपटान की वजह से बाजार में उतार-चढ़ाव आ सकता है। पिछले हफ्ते बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 131.56 अंक या 0.21 फीसदी के नुकसान में रहा। निफ्टी में 42.05 अंक या 0.22 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई।
शुरुआती कारोबार में ऐसा रहा दिग्गज शेयरों का हाल -

sensex
(स्रोत: BSE)
पिछले हफ्ते सेंसेक्स की टॉप 10 में से आठ कंपनियों के मार्केट कैप में 42,173.42 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी आई। सबसे ज्यादा लाभ में आईसीआईसीआई बैंक, इंफोसिस और टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) रहे। टॉप 10 कंपनियों की लिस्ट में रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड पहले स्थान पर कायम रही। इसके बाद क्रमश: टीसीएस, एचडीएफसी बैंक, इंफोसिस, ICICI बैंक, हिंदुस्तान यूनिलीवर लिमिटेड, SBI, एचडीएफसी, भारती एयरटेल और अडाणी एंटरप्राइजेज का स्थान रहा।
