Share Market News Today, 04 Oct 2022: आज एशियाई बाजारों की शुरुआत सकारात्मक रुख के साथ हुई। ग्लोबल मार्केट से सकारात्मक संकेतों से डोमेस्टिक बाजार में भी तेजी आई, जिससे निवेशकों को फायदा हुआ। हफ्ते के दूसरे कारोबारी दिन तीस शेयरों पर आधारित सेंसेक्स 1276.66 अंक यानी 2.25 फीसदी उछलकर 58,065.47 अंक पर बंद हुआ। इस दौरान एनएसई निफ्टी 386.95 अंक यानी 2.29 फीसदी की जोरदार तेजी के साथ 17,274.30 के स्तर पर बंद हुआ।
वैश्विक बाजारों से मिले सकारात्मक संकेतों के बीच मंगलवार को बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज पर लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप 2,73,86,677.42 करोड़ रुपये हो गया। दरअसल सोमवार को अमेरिकी शेयर बाजार में भी खासी बढ़त थी, जिसका असर आज बीएसई और एनएसई पर दिखा।
पिछले कारोबारी दिन सेंसेक्स 638.11 अंक फिसलकर 56,788.81 अंक पर बंद हुआ था, जबकि निफ्टी 207 अंक की गिरावट के साथ 16,887.35 के स्तर पर बंद हुआ था। सोमवार को विदेशी संस्थागत निवेशकों ने बाजार से 590.58 करोड़ रुपये शेयरों की शुद्ध बिकवाली की थी। अमेरिकी डॉलर के मुकाबले आज भारतीय रुपया 30 पैसे चढ़कर 81.52 प्रति डॉलर (अस्थायी) पर बंद हुआ।
सेक्टोरल इंडेक्स पर नजर
सेक्टोरल फ्रंट पर आज निफ्टी मेटल और प्राइवेट बैंक के शेयरों में तीन फीसदी से ज्यादा की तेजी आई। इसके अलावा निफ्टी बैंक, ऑटो, फाइनेंस सर्विस, आईटी, मीडिया, पीएसयू बैंक और रियल्टी के शेयरों में दो फीसदी से ज्यादा की तेजी आई।
दिग्गज कंपनियों की बात करें, तो आज डॉक्टर रेड्डी, सन फार्मा और पावर ग्रिड के अलावा बीएसई पर लिस्टेड सभी दिग्गज कंपनियों के शेयर बढ़त पर बंद हुए। इनमें बजाज फिनसर्व, टीसीएस, बजाज फाइनेंस, इंडसइंड बैंक, एचडीएफसी, टाटा स्टील, इंफोसिस, आईटीसी, एक्सिस बैंक, एल एंड टी, विप्रो, एसबीआई, आईसीआईसीआई बैंक, रिलायंस, एचसीएल टेक, मारुति, भारती एयरटे, एनटीपीसी, एशियन पेंट्स, आदि शामिल हैं।
