Share Market Today 2 July 2026 : भारतीय शेयर बाजार की गुरुवार 2 जुलाई को मजबूत शुरुआत हुई है। बेंचमार्क इंडेक्स Nifty जहां 150 अंक से ज्यादा उछाल के साथ 24,159.45 तक चढ़ गया। वहीं, इस दौरान Sensex 500 अंक से ज्यादा की तेजी के साथ 77,449.25 अंक तक उछल गया। आज की तेजी में सबसे बड़ा योगदान IT सेक्टर का रहा। Nifty IT करीब 3.25% की शानदार बढ़त के साथ सबसे बेहतर प्रदर्शन करने वाला सेक्टर है।
पिछले कुछ दिनों से दबाव झेल रहे IT शेयरों में मजबूत रिकवरी देखने को मिली। इसके अलावा मेटल, कंज्यूमर ड्यूरेबल्स, केमिकल, ऑटो और रियल्टी सेक्टर में भी अच्छी खरीदारी रही। दूसरी तरफ PSU Bank और Media इंडेक्स हल्की गिरावट में कारोबार करते दिखे, जिससे यह संकेत मिला कि निवेशकों का फोकस फिलहाल चुनिंदा सेक्टरों पर है।
ब्रॉड मार्केट में चौतरफा खरीदारी
Broad Market में भी सकारात्मक रुख देखने को मिला है। Nifty 100, Nifty 200, Nifty 500, Midcap और Smallcap इंडेक्स सभी हरे निशान में कारोबार कर रहे थे। इससे संकेत मिलता है कि तेजी केवल बड़े शेयरों तक सीमित नहीं है, बल्कि मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में भी निवेशकों की दिलचस्पी बनी हुई है।
Vix में गिरावट दे रही मजबूती का संकेत
मार्केट की वोलैटिलिटी बताने वाले इंडेक्स India VIX में करीब 2.30% की गिरावट देखने को मिली है। यह अब घटकर 12.94 पर आ गया, जो बाजार में घबराहट कम होने और निवेशकों के बढ़ते भरोसे का संकेत माना जाता है। वैश्विक बाजारों से भी मिले सपोर्ट से बाजार में मजबूती का ट्रेंड है। एशियाई बाजारों में Hang Seng और Jakarta Composite में अच्छी तेजी है। हालांकि, Nikkei 225, KOSPI और Shanghai Composite दबाव में कारोबार करते दिखे। अमेरिकी बाजारों में Dow Jones Futures में हल्की बढ़त है, जबकि Nasdaq और S&P 500 में कमजोरी दर्ज की गई।
क्रूड और रुपये से मिली राहत
कमोडिटी बाजार की बात करें तो Brent Crude करीब 1% से अधिक टूटकर 70.80 डॉलर प्रति बैरल के आसपास कारोबार कर रहा है। कच्चे तेल में यह नरमी भारत जैसे आयातक देश के लिए राहत की खबर है। दूसरी ओर सोने की कीमतों में करीब 1% की तेजी देखने को मिली है, जिससे यह संकेत मिलता है कि कुछ निवेशक सुरक्षित निवेश विकल्पों की ओर भी रुख कर रहे हैं। वहीं, करेंसी बाजार में डॉलर के मुकाबले रुपये की ओपनिंग हल्की कमजोरी के साथ हुई। लेकिन, तुरंत ही रिकवरी देखने को मिली और डॉलर के मुकाबले रुपया करीब 28 पैसे की मजबूती के साथ 94.93 के स्तर पर है।
TIMES NOW Navbharat पर यह भी पढ़ें : SMS से शेयर खरीदने का झांसा देकर लूटे ₹144 करोड़! SEBI का बड़ा एक्शन, 221 संस्थाएं बैन
