बिजनेस

Share Market 29 August Closing: क्या बाजार की गिरावट पर लग गया ब्रेक, सेंसेक्स हरे निशान पर खुला

Share Market 29 August Closing: बाजार में गिरावट का सिलसिला लगातार दो दिन से जारी है, बीते दो कारोबारी सत्र में सेंसेक्स 1500 अंकों से ज्यादा टूट गया है। अब आज यानी 29 अगस्त को बाजार किस दिशा में जाएगा, कौन से शेयर चढ़ेंगे और किन शेयरों में बिकवाली हावी रहेगी इसकी पूरी अपडेट आप यहां देख सकते हैं।

Image

Share Market 29 August

Share Market 29 August Closing: भारतीय शेयर बाजार शुक्रवार, 29 अगस्त को उतार-चढ़ाव भरे सत्र के बाद लाल निशान में बंद हुआ। दो दिन की गिरावट के बाद शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स और निफ्टी में मजबूती देखने को मिली थी, लेकिन इसे बाजार अंत तक बरकरार नहीं रख सका।

कारोबार के अंत में सेंसेक्स 270.92 अंक यानी 0.34% टूटकर 79,809.65 पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 74.05 अंक यानी 0.30% गिरकर 24,426.85 पर आ गया। मार्केट ब्रेड्थ भी कमजोर रही। कुल मिलाकर 1838 शेयरों में तेजी, जबकि 2052 शेयरों में गिरावट देखने को मिली और 147 शेयर बिना किसी बदलाव के बंद हुए।

2 दिन में 9.69 लाख करोड़ साफ

28 अगस्त (गुरुवार) को बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 705.97 अंक गिरकर 80,080.57 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं, निफ्टी भी 211 अंकों की गिरावट के साथ नीचे फिसल गया। एक्सपर्ट्स का मानना है कि अमेरिकी टैरिफ का दबाव आने वाले कुछ सत्रों में भी देखने को मिल सकता है। गुरुवार को बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 705.97 अंक यानी 0.87% गिरकर 80,080.57 पर बंद हुआ। इससे पहले मंगलवार को भी बाजार में बड़ी गिरावट दर्ज की गई थी। यानी सिर्फ दो कारोबारी सत्रों में सेंसेक्स 1,555.34 अंक यानी करीब 1.90% लुढ़क चुका है। इन दो दिनों की गिरावट से बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का कुल मार्केट कैप 9,69,740.79 करोड़ रुपये घटकर 4,45,17,222.66 करोड़ रुपये (करीब 5.08 लाख करोड़ डॉलर) रह गया।

एशिआई बाजारों का हाल

एशियाई बाजारों में शुक्रवार सुबह कमजोरी देखने को मिली, जबकि अमेरिकी बाजारों ने मजबूत GDP आंकड़ों के सहारे नए रिकॉर्ड बनाए। डाओ जोंस 70 अंक की बढ़त के साथ रिकॉर्ड स्तर पर बंद हुआ, S&P 500 लगातार दूसरे दिन लाइफ हाई पर पहुंचा और नैस्डैक भी 115 अंक ऊपर रहा। एशियाई ट्रेडिंग सेशन में GIFT निफ्टी 30 अंक की बढ़त के साथ 24,675 पर कारोबार कर रहा है, वहीं डाओ फ्यूचर्स 70 अंक नीचे और निक्केई 175 अंक की गिरावट के साथ कमजोर शुरुआत करता दिखा।

विदेशी निवेशकों की चाल

बाजार में विदेशी और घरेलू निवेशकों की गतिविधियां भी सुर्खियों में हैं। बुधवार की भारी गिरावट के दौरान विदेशी निवेशकों (FIIs) ने कैश, इंडेक्स और स्टॉक फ्यूचर्स मिलाकर 8,000 करोड़ रुपये से ज्यादा की बिकवाली की। हालांकि, इस बीच घरेलू संस्थागत निवेशकों (DIIs) ने मजबूती दिखाई और 6,900 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।

सोने का रेट

कमोडिटी बाजार में भी तेज उछाल दर्ज हुआ। घरेलू बाजार में सोना ₹1,02,100 पर रिकॉर्ड क्लोजिंग पर पहुंच गया, जबकि चांदी ₹1,100 उछलकर ₹1,17,635 पर बंद हुई, जो अब तक का सबसे ऊंचा स्तर है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी गोल्ड और सिल्वर दोनों मजबूती बनाए हुए हैं। वहीं, कच्चा तेल 67 डॉलर प्रति बैरल के ऊपर स्थिर कारोबार करता नजर आया।

निवेशकों की नजर

आज निवेशकों की नजर रिलायंस इंडस्ट्रीज की 48वीं AGM पर टिकी है, जो दोपहर 2 बजे से शुरू होगी। अनुमान है कि इस बैठक में जियो के IPO, डिजिटल कारोबार, रिटेल और एनर्जी सेक्टर से जुड़े बड़े एलान हो सकते हैं।

(Disclaimer: यह लेख केवल सूचना देने के उद्देश्य से प्रस्तुत किया गया है और इसे किसी प्रकार की निवेश सलाह के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए। टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल अपने पाठकों/दर्शकों को सलाह देता है कि किसी भी वित्तीय निर्णय से पहले अपने वित्तीय सलाहकार से परामर्श जरूर करें।)

Richa Tripathi
रिचा त्रिपाठीauthor

रिचा त्रिपाठी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में बिजनेस डेस्क पर सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। मीडिया इंडस्ट्री में 7 वर्षों के अनुभव के साथ रिचा, पर्सनल फाइनेंस, स्टॉक मार्केट, टैक्स प्लानिंग और अर्थव्यवस्था से जुड़े विषयों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। अब तक 8,000 से अधिक कंटेंट लिख चुकी रिचा की विशेषता है—जटिल वित्तीय जानकारियों को सरल, स्पष्ट और भरोसेमंद तरीके से पाठकों तक पहुंचाना। वह ऐसी स्टोरीज तैयार करती हैं जो न केवल जानकारीपूर्ण होती हैं, बल्कि आम पाठक की वित्तीय समझ को बेहतर बनाने में भी मदद करती हैं।

और पढ़ें
End of Article