Share Market 28 August: गणेश चतुर्थी की छुट्टी के बाद आज शेयर बाजार फिर से खुलेगा। अहम बात यह है कि अमेरिका की ओर से 27 अगस्त से 25% अतिरिक्त टैरिफ लागू किए जाने की घोषणा के बाद पहली बार भारतीय बाजार में इसका असर देखने को मिलेगा। 9.15 बजे बाजार खुलते ही ट्रंप टैरिफ का असर दिखा और सेंसेक्स ने 250 अंकों की गिरावट के साथ कारोबार शुरू किया जबकि 9.37 बजे BSE 650 अंकों से ज्यादा की गिरावट के साथ 80,108.41 अंक पर ट्रेड कर रहा था। वहीं निफ्टी 50 खुलते ही 124 अंक लुढ़क कर 24577 अंकों पर खुला है।निफ्टी बैंक 440 .30 अंक गिरकर 54003 अंकों पर खुला है.
इन शेयरों पर दिखा सबसे ज्यादा असर
सेंसेक्स के शेयरों में आज सबसे ज्यादा दबाव एचसीएल टेक, एचडीएफसी बैंक, इन्फोसिस, पावर ग्रिड, अल्ट्राटेक सीमेंट, आईसीआईसीआई बैंक, टीसीएस, टाटा मोटर्स, टेक महिंद्रा, बीईएल, सन फार्मा, रिलायंस इंडस्ट्रीज और एनटीपीसी पर दिखा। वहीं दूसरी ओर ईटरनल, एचयूएल, एशियन पेंट्स, बजाज फिनसर्व, टाइटन और एलएंडटी के शेयरों में तेजी रही।
ट्रंप टैरिफ से टूटा बाजार
अमेरिका ने भारतीय उत्पादों पर 25% अतिरिक्त टैरिफ बुधवार से लागू कर दिया है। इसका सबसे ज्यादा असर टेक्सटाइल, जेम्स-एंड-जूलरी, कारपेट, फर्नीचर और झींगा उद्योग पर पड़ने की आशंका है।ब्रॉडर मार्केट की बात करें तो निफ्टी मिडकैप और निफ्टी स्मॉलकैप इंडेक्स 0.83% नीचे बंद हुए। इंडिया VIX में 5% की तेजी देखने को मिली। सेक्टरवार परफॉर्मेंस में निफ्टी बैंक और निफ्टी मेटल इंडेक्स करीब 0.9% टूटा, जबकि निफ्टी आईटी और निफ्टी रियल्टी इंडेक्स में भी 1% से ज्यादा की गिरावट रही। लगभग सभी सेक्टोरल इंडेक्स लाल निशान में ट्रेड करते नजर आए।
4.14 लाख करोड़ डूबे
सेशन के दौरान बीएसई मिडकैप और स्मॉलकैप इंडेक्स 1% से ज्यादा टूट गए। भारी बिकवाली के चलते निवेशकों की संपत्ति में करीब 4.14 लाख करोड़ रुपये की कमी आई। बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का कुल मार्केट कैपिटलाइजेशन पिछले सत्र के 449 लाख करोड़ रुपये से घटकर लगभग 445 लाख करोड़ रुपये पर आ गया।
अमेरिका और भारत के बीच बढ़ते तनाव के चलते लगाए गए नए टैरिफ का असर साफ नजर आ रहा है। रूस से कच्चा तेल खरीदने के कारण भारत पर यह शुल्क अन्य एशियाई देशों की तुलना में सबसे ज्यादा पेनाल्टी के तौर पर लागू किया गया है।
मंगलवार को भी टूटा था बाजार
पिछले सत्र की बात करें तो मंगलवार को निफ्टी 256 अंक टूटकर 24,712 पर बंद हुआ था, जबकि सेंसेक्स 849 अंकों की भारी गिरावट के साथ 80,786.54 पर बंद हुआ। आज का दिन बाजार के लिए बेहद अहम माना जा रहा है, क्योंकि ट्रेडर्स और निवेशक अमेरिकी फैसले के प्रभाव को लेकर सतर्क रहेंगे।
विशेषज्ञों का मानना है कि बाजार में आज डोनाल्ड ट्रंप के 50% टैरिफ के संकेतों का दबाव देखने को मिल सकता है, जिससे निवेशकों की धारणा कमजोर हो सकती है।
एशियाई बाजारों का हाल
- गिफ्ट निफ्टी 18 अंकों की बिकवाली देखने को मिली थी।
- जापान के निक्केई में 262 अंकों की तेजी देखने को मिली है।
- सिंगापुर के स्ट्रेट टाइम में करीब 0.17 फीसदी की बढ़त देखने को मिली।
- ताइवान के बाजार में 78 अंकों की कमजोरी देखने को मिली।
- कोरियाई बाजार कोस्पी में करीब 0.48 फीसदी की तेजी रही थी।
(Disclaimer: यह लेख केवल सूचना देने के उद्देश्य से प्रस्तुत किया गया है और इसे किसी प्रकार की निवेश सलाह के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए। टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल अपने पाठकों/दर्शकों को सलाह देता है कि किसी भी वित्तीय निर्णय से पहले अपने वित्तीय सलाहकार से परामर्श जरूर करें।)
