बिजनेस

Share Market Today: हफ्ते के आखिरी दिन बाजार का जोश पड़ा ठंडा, सेंसेक्स-निफ्टी की फ्लैट ओपनिंग

Share Market Today: कारोबारी हफ्ते के आखिरी दिन घरेलू शेयर बाजार की शुरुआत फ्लैट हुई। ​एक दिन पहले घरेलू बाजार के प्रमुख सूचकांक 30 स्टॉक वाला BSE सेंसेक्स और 50 स्टॉक वाले NSE निफ़्टी 50 ने ऑल टाइम हाई का रिकॉर्ड बनाया था, लेकिन आज बाजार की तेजी पर ब्रेक लगता नजर आ रहा है, आइए जानते हैं इस मुनाफावसूली के पीछे क्या वजह है?

Image

Share Market

Share Market Today: शुक्रवार को शेयर बाजार ने सपाट स्तर पर कारोबार की शुरुआत की। सेंसेक्स 71 अंकों की हल्की बढ़त के साथ 85,791.55 के स्तर पर खुला, जबकि निफ्टी 50 इंडेक्स 22 अंकों की मामूली तेजी के साथ 26,215.55 के स्तर पर ओपन हुआ। एशियाई बाजारों से मिले मिले-जुले संकेत और आज जारी होने वाले Q2FY26 GDP डेटा से पहले निवेशकों में सतर्कता देखी गई। शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 37 अंक गिरकर 85,683 पर और निफ्टी 25 अंक फिसलकर 26,190 पर ट्रेड कर रहा था। गुरुवार को ही दोनों इंडेक्स ने इंट्रा-डे में नया ऑल टाइम हाई बनाया था, जिसमें सेंसेक्स पहली बार 86,000 के ऊपर और निफ्टी 26,300 के ऊपर पहुंचा था। ब्रॉडर मार्केट में भी कमजोरी देखी गई, जहां निफ्टी मिडकैप 0.18 फीसदी और स्मॉलकैप 0.23 फीसदी नीचे रहे। सेक्टोरल इंडेक्स की बात करें तो मेटल शेयरों में गिरावट देखने को मिली।

Ashoka Buildcon दबाव में

सुबह के कारोबार में Ashoka Buildcon के शेयरों में दबाव दिखा और स्टॉक लगभग 176 रुपए तक फिसल गया। गिरावट की वजह कंपनी को मिला Show Cause Notice (SCN) है, जो NH-66 पर Aroor–Thuravoor Thekku सेक्शन में 6-लेन एलिवेटेड कॉरिडोर के निर्माण से जुड़ा है। प्रोजेक्ट के दौरान दो प्रीकास्ट PSC गर्डर गिर गए थे, जिनमें से एक गर्डर एक कमर्शियल वाहन पर गिरा और ड्राइवर की मौत हो गई। इस घटना के चलते कंपनी को NHAI बिड्स में अस्थायी रूप से सस्पेंड कर दिया गया, जिसका असर शेयर प्राइस पर साफ नजर आया।

एशिआई बाजारों का हाल

एशियन मार्केट की स्थिति सुबह 9:03 बजे तक मिली जानकारी के अनुसार मिली-जुली रही। गिफ्ट निफ्टी 12 अंक ऊपर कारोबार कर रहा था, जबकि जापान के निक्केई में 50 अंकों की गिरावट देखी गई। सिंगापुर का स्ट्रेट टाइम्स 22 अंकों की बढ़त के साथ कारोबार कर रहा था, हैंग सेंग में करीब 5 अंकों की मामूली कमजोरी रही और ताइवान के बाजार में 184 अंकों की मजबूती देखने को मिली।

गुरूवार को कैसा था बाजार

गुरुवार 27 नवंबर को बाजार में जोरदार तेजी देखने को मिली थी और इंडेक्स 14 महीने बाद फिर से ऑल टाइम हाई पर पहुंचे। कारोबार के दौरान निफ्टी ने 26,310 और सेंसेक्स ने 86,055 का स्तर छुआ। इससे पहले 27 सितंबर 2024 को सेंसेक्स ने 85,978 और निफ्टी ने 26,277 का पिछला ऑल टाइम हाई बनाया था। हालांकि, ऊपरी स्तरों से मुनाफावसूली भी देखने को मिली। सेंसेक्स अंत में सिर्फ 110 अंक ऊपर रहकर 85,720 पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 10 अंकों की मामूली बढ़त के साथ 26,215 पर बंद हुआ। सेक्टोरल ट्रेंड में निफ्टी के ऑटो, फाइनेंस और बैंकिंग शेयर मजबूती दिखाते रहे, जबकि IT और रियल्टी सेक्टर दबाव में बंद हुए।

(Disclaimer: यह लेख केवल सूचना देने के उद्देश्य से प्रस्तुत किया गया है और इसे किसी प्रकार की निवेश सलाह के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए। टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल अपने पाठकों/दर्शकों को सलाह देता है कि किसी भी वित्तीय निर्णय से पहले अपने वित्तीय सलाहकार से परामर्श जरूर करें।)

Richa Tripathi
रिचा त्रिपाठीauthor

रिचा त्रिपाठी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में बिजनेस डेस्क पर सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। मीडिया इंडस्ट्री में 7 वर्षों के अनुभव के साथ रिचा, पर्सनल फाइनेंस, स्टॉक मार्केट, टैक्स प्लानिंग और अर्थव्यवस्था से जुड़े विषयों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। अब तक 8,000 से अधिक कंटेंट लिख चुकी रिचा की विशेषता है—जटिल वित्तीय जानकारियों को सरल, स्पष्ट और भरोसेमंद तरीके से पाठकों तक पहुंचाना। वह ऐसी स्टोरीज तैयार करती हैं जो न केवल जानकारीपूर्ण होती हैं, बल्कि आम पाठक की वित्तीय समझ को बेहतर बनाने में भी मदद करती हैं।

और पढ़ें
End of Article