दुनिया

Pakistan: पंजाब में रहमान बाबा एक्सप्रेस के पटरी से उतरी, कम से कम 5 की मौत, 30 घायल

Pakistan Rail Accident Today: पाकिस्तान में बड़ा रेल हादसा हुआ है। पाकिस्तान के पंजाब में रहमान बाबा एक्सप्रेस पटरी से उतर गई है, जिससे कम से कम पांच लोगों की मौत हो गई है।

Image

पाकिस्तान में रेल हादसा (AI Photo)

Pakistan Rail Accident Today: पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में मंगलवार सुबह एक बड़ा ट्रेन हादसा हो गया, जहां कराची से पेशावर जा रही 'रहमान बाबा एक्सप्रेस' पटरी से उतर गई। इस भीषण दुर्घटना में कम से कम पांच लोगों की मौत हो गई है, जबकि 30 अन्य लोग घायल बताए जा रहे हैं।

सुबह पांच बजे हुआ हादसा

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यह हादसा सुबह करीब पांच बजकर 15 मिनट पर मुल्तान में शेर शाह पुल के पास हुआ। दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और राहतकर्मी तुरंत मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया गया।

13 बोगियों से निकाले गए लोग

'जियो न्यूज' की रिपोर्ट के मुताबिक, हादसे में घायल हुए लोगों को तुरंत इलाज के लिए मुल्तान के निश्तार अस्पताल में भर्ती कराया गया है। राहत अधिकारियों ने बताया कि ट्रेन की 13 बोगियों को सुरक्षित खाली करा लिया गया है, जबकि एक शेष बोगी में बचाव अभियान अभी भी जारी है।

क्यों हुआ हादसा?

इस बीच, एक यात्री ने संवाददाताओं को जानकारी दी कि दुर्घटना से कुछ समय पहले रोहरी के पास रेलवे कर्मचारियों द्वारा बोगी नंबर-9 के नट-बोल्ट की मरम्मत की गई थी। हालांकि, 'जियो न्यूज' के अनुसार इस दावे की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो पाई है और यह भी स्पष्ट नहीं है कि इस मरम्मत का ट्रेन के पटरी से उतरने से कोई संबंध था या नहीं।

शहबाज शरीफ ने जताया शोक

इस दुखद घटना पर प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि राहत और बचाव कार्यों में तेजी लाई जाए और घायलों को बिना किसी देरी के बेहतर से बेहतर चिकित्सीय सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article