भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (सेबी) के चेयरमैन तुहिन कांत पांडेय ने कहा है कि इंडसइंड बैंक के वरिष्ठ प्रबंधन द्वारा किए गए संभावित गंभीर उल्लंघनों की सेबी द्वारा जांच की जा रही है। यह टिप्पणी उन्होंने उद्योग मंडल एसोचैम द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान मीडिया से बातचीत में की। सेबी प्रमुख ने बताया कि बैंकिंग क्षेत्र से संबंधित मामलों को लेकर भारतीय रिज़र्व बैंक (RBI) आवश्यक कार्रवाई करेगा, लेकिन यदि बैंक के किसी अधिकारी ने प्रतिभूति बाजार नियमों का उल्लंघन किया है, तो उस पर सेबी द्वारा सख्त नजर रखी जा रही है।
उन्होंने कहा, "सेबी अपने अधिकार क्षेत्र में रहते हुए आवश्यक कार्रवाई कर रही है। अगर किसी ने अपनी भूमिका में कोई गंभीर गड़बड़ी की है, तो उसकी जांच की जा रही है।"
बोर्ड ने जताई थी धोखाधड़ी की आशंका
इंडसइंड बैंक के निदेशक मंडल ने हाल ही में बताया था कि बैंक के कुछ कर्मचारियों के खिलाफ डेरिवेटिव कारोबार, सूक्ष्म वित्त और खातों में धोखाधड़ी के मामलों में संलिप्तता की आशंका है। इसके चलते बैंक को यह निर्देश दिया गया कि वह मामले की जानकारी जांच एजेंसियों और नियामक संस्थाओं को उपलब्ध कराए।
सेबी और आरबीआई की संयुक्त निगरानी
जहां एक ओर आरबीआई बैंकिंग मामलों की निगरानी करेगा, वहीं सेबी उन मामलों पर ध्यान केंद्रित कर रहा है जो प्रतिभूति बाजार और निवेशकों के हित से जुड़े हैं। पांडेय ने स्पष्ट किया कि दोनों संस्थाएं अपने-अपने क्षेत्र में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए काम कर रही हैं।
भाषा इनपुट के साथ
