SEBI action on brokers: भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) ने नियामकीय उल्लंघन के मामले में आनंद राठी शेयर्स एंड स्टॉक ब्रोकर्स लिमिटेड पर पांच लाख रुपये का जुर्माना लगाया है। सेबी के आदेश के अनुसार, कंपनी को यह जुर्माना 45 दिनों के भीतर भरना होगा। यह कार्रवाई सेबी द्वारा 25 नवंबर 2021 से 15 दिसंबर 2021 के बीच शेयर बाजारों और डिपॉजिटरी के साथ मिलकर किए गए निरीक्षण के आधार पर हुई।
इस जांच में पाया गया कि कंपनी ने ग्राहकों के फंड का गलत इस्तेमाल किया। दुरुपयोग की राशि 22.07 लाख रुपये से लेकर 16.36 करोड़ रुपये तक थी। इसके अलावा, कंपनी ने निरीक्षण अवधि के दौरान दैनिक समाधान विवरण नहीं रखा और शेयर बाजार को मार्जिन संग्रह की गलत जानकारी दी। सेबी ने यह भी पाया कि 28 मामलों में ग्राहकों की सहमति के बिना अनधिकृत व्यापार किया गया।
मोतीलाल ओसवाल पर भी सात लाख रुपये का जुर्माना
इसी तरह, सेबी ने मोतीलाल ओसवाल फाइनेंशियल सर्विसेज लिमिटेड पर भी नियमों के उल्लंघन के लिए सात लाख रुपये का जुर्माना लगाया है। कंपनी को यह राशि 45 दिनों के भीतर जमा करनी होगी। सेबी ने अप्रैल 2021 से जून 2022 की निरीक्षण अवधि के दौरान कंपनी के रिकॉर्ड की जांच की।
जांच में सामने आया कि मोतीलाल ओसवाल ने 30 दिन की निर्धारित अवधि में 26 शिकायतों का समाधान नहीं किया। इसके अलावा, जून 2022 में 39 ग्राहकों ने कारोबार किया था, लेकिन उन्हें निष्क्रिय मानते हुए उनके फंड अलग रख दिए गए। यह सेबी के नियमों का उल्लंघन था, जिसके कारण कंपनी पर कार्रवाई की गई।
