देश के सबसे बड़े सरकारी बैंक स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) ने देशभर के पेंशनर्स और रिटायर कर्मचारियों को एक गंभीर चेतावनी जारी की है। बैंक के अनुसार, साइबर अपराधी अब पेंशन प्रोसेसिंग, PPO वेरिफिकेशन या पेंशन पेमेंट में देरी के नाम पर लोगों को ठग रहे हैं और उनके बैंक अकाउंट साफ कर रहे हैं। SBI ने बताया कि ठग सबसे पहले पेंशनर्स का मोबाइल नंबर बदलवा लेते हैं और फिर कुछ ही मिनटों में खाते की पूरी रकम निकाल लेते हैं।
SBI ने अपने आधिकारिक X (ट्विटर) हैंडल पर एक वीडियो साझा करके लोगों को आगाह किया है। बैंक ने बताया कि ठग खुद को ट्रेजरी विभाग का अधिकारी या बैंक कर्मचारी बताकर पेंशनर्स को फोन करते हैं। वे कहते हैं कि आपकी पेंशन रुकी हुई है या PPO चेक में देरी हो रही है और इसे जल्दी जारी करने के लिए वेरिफिकेशन जरूरी है। कई लोग इस जाल में फंस जाते हैं और अपनी मेहनत की कमाई खो बैठते हैं।
ये भी पढ़ें: EPFO में क्यों नहीं दिख रहा ब्याज का पैसा?
बैंक ने पेंशनर्स और वरिष्ठ नागरिकों को सावधान रहने के लिए कुछ जरूरी निर्देश दिए हैं। उन्होंने साफ कहा है कि किसी भी कॉल, SMS, ईमेल या लिंक पर OTP, PIN, CVV या बैंक से जुड़ी किसी भी निजी जानकारी को कभी साझा न करें। अगर कोई व्यक्ति खुद को बैंक या ट्रेजरी अधिकारी बताकर फोन करे, तो तुरंत सतर्क हो जाएं, क्योंकि SBI के असली कॉल सिर्फ +91-1600 सीरीज के नंबर से ही आते हैं। इसके अलावा, यदि आपके मोबाइल पर “Mobile Number Change Request” का संदेश आए और आपने ऐसी कोई रिक्वेस्ट न की हो, तो बिना देर किए 1930 पर साइबर क्राइम में शिकायत करें। बैंक ने यह भी सलाह दी है कि अपने अकाउंट से जुड़े हर SMS और ईमेल अलर्ट को ध्यान से पढ़ें और किसी भी तरह का संदेह होने पर तुरंत अपनी नज़दीकी SBI शाखा या बैंक की आधिकारिक हेल्पलाइन से संपर्क करें।
पिछले कुछ महीनों में देश के कई हिस्सों से रिटायर लोगों के साथ इस तरह की ठगी के कई मामले सामने आए हैं। खासकर रेलवे, डिफेंस और सरकारी विभागों के बुजुर्ग पेंशनर्स को सबसे ज्यादा निशाना बनाया जा रहा है। चूंकि वे तकनीकी मामलों में कम जानकारी रखते हैं, इसलिए वे आसानी से धोखे में आ जाते हैं।
SBI ने पेंशनर्स और उनके परिवारों से अनुरोध किया है कि इस चेतावनी को अपने रिश्तेदारों, दोस्तों और खासकर वरिष्ठ नागरिकों के WhatsApp ग्रुप में शेयर करें। बैंक का कहना है कि जागरूकता ही साइबर ठगी रोकने का सबसे बड़ा हथियार है। पेंशन से जुड़ी किसी भी प्रक्रिया या समस्या के लिए हमेशा अपनी होम ब्रांच या SBI की आधिकारिक हेल्पलाइन से ही जानकारी लें।