Savings Account Eligibility: आज के समय में बैंक में सेविंग अकाउंट (Savings Account) होना फाइनेंशियल मैनेजमेंट का पहला और जरूरी कदम है। यह न केवल आपकी बचत को सुरक्षित रखता है, बल्कि आपको कई बैंकिंग सुविधाएं भी प्रदान करता है। अगर आप रेगुलर सेविंग अकाउंट खोलना चाहते हैं तो इसके पात्रता मानदंड (Eligibility Criteria) की जानकारी होना बेहद जरूरी है। इस आर्टिकल में आपको यही बताने जा रहे हैं कि सेविंग अकाउंट कौन खुलवा सकता है और अकाउंट में न्यूनतम बैंलेस की क्या शर्त है-
कौन खुलवा सकता है रेगुलर सेविंग्स अकाउंट?
लगभग सभी प्रमुख बैंक जैसे SBI, HDFC Bank और ICICI Bank अपनी आधिकारिक वेबसाइटों पर इसके लिए समान प्रकार की पात्रता शर्तें बताते हैं। हालांकि, कुछ नियम बैंक के अनुसार थोड़े अलग हो सकते हैं, लेकिन मूल रूप से प्रक्रिया काफी सरल और सुलभ है।
रेगुलर सेविंग्स अकाउंट खोलने के लिए कुछ सामान्य पात्रताएं निर्धारित की गई हैं, जिन्हें पूरा करना आवश्यक होता है।
भारतीय निवासी (Resident Individuals)
भारत में रहने वाला कोई भी वयस्क व्यक्ति सेविंग अकाउंट खुलवा सकता है। यह खाता वह अकेले (Single Account) या किसी अन्य व्यक्ति के साथ संयुक्त (Joint Account) रूप में भी खोल सकता है। इसके लिए KYC दस्तावेज जैसे आधार कार्ड, पैन कार्ड और एड्रेस प्रूफ आवश्यक होते हैं।
हिंदू अविभाजित परिवार (HUF)
HDFC Bank की ऑफिशियल वेबसाइट पर दी गई जानकारी के अनुसार, HUF के अंतर्गत भी सेविंग अकाउंट खोला जा सकता है, जो पारिवारिक वित्तीय प्रबंधन के लिए उपयोगी होता है।
10 वर्ष से अधिक आयु के नाबालिग
10 साल या उससे अधिक उम्र के बच्चे स्वयं संचालित (Self-operated) माइनर अकाउंट खोल सकते हैं। कई बैंक इस खाते के साथ ATM या डेबिट कार्ड की सुविधा भी देते हैं, जिससे बच्चों में बचत की आदत विकसित होती है। 10 वर्ष से कम आयु के बच्चों का खाता माता-पिता या अभिभावक द्वारा संचालित किया जाता है।
भारत में रहने वाले विदेशी नागरिक
HDFC Bank के अनुसार, वे विदेशी नागरिक जो भारत में 180 दिनों से अधिक समय से रह रहे हैं, वे भी सेविंग अकाउंट खोल सकते हैं। इसके लिए उनके पास वैध पासपोर्ट, वीजा, FRRO प्रमाणपत्र और रेजिडेंशियल परमिट जैसे जरूरी डॉक्यूमेंट्स होने चाहिए।
कितना होना चाहिए मिनिमम बैलेंस
रेगुलर सेविंग्स अकाउंट खोलते समय बैंक द्वारा न्यूनतम जमा राशि (Minimum Balance) तय की जाती है, जो शाखा के स्थान के अनुसार अलग-अलग हो सकती है।
HDFC Bank के अनुसार,
- शहरी (Urban) शाखाओं के लिए 10,000 रुपए का प्रारंभिक जमा आवश्यक है।
- अर्ध-शहरी (Semi-urban) शाखाओं के लिए 5,000 रुपए जमा करना जरूरी है।
- ग्रामीण (Rural) शाखाओं के लिए 2,500 रुपए की न्यूनतम राशि पर्याप्त होती है।
ICICI Bank के अनुसार,
- मेट्रो और शहरी क्षेत्रों में सेविंग अकाउंट के लिए मासिक औसत बैलेंस 15,000 रुपए रखना आवश्यक है।
- अर्ध-शहरी (Semi-urban) क्षेत्रों में यह सीमा 7,500 रुपए निर्धारित की गई है।
- ग्रामीण क्षेत्रों में न्यूनतम मासिक औसत बैलेंस 2,500 रुपए रखना होता है।
यह न्यूनतम बैलेंस बनाए रखना जरूरी होता है, अन्यथा बैंक द्वारा पेनल्टी (Penalty) लगाई जा सकती है। मिनिमम बैलेंस को लेकर हर बैंक में थोड़ा बहुत अंतर हो सकता है। इसलिए किसी बैंक के ग्राहक बैंक की ऑफिशियल वेबसाइट पर मिनिमम बैलेंस की जानकारी ले सकते हैं।
