बिजनेस

Rupee vs Dollar: डॉलर के मुकाबले रुपये में बड़ी तेजी, अब 1 डॉलर कीमत इतनी हुई

कच्चे तेल की कीमत में लगातार गिरावट का फायदा रुपये को मिल रहा है। डॉलर के सामने रुपये धीरे—धीरे मजबूत हो रहा है। यह भारतीय इकोनॉमी के लिए अच्छी खबर है।

Image

डॉलर बनाम रुपया

Rupee vs Dollar: अमेरिकी डॉलर के सामने रुपये में चली आर रही गिरावट आज थम गई है। आज रुपये में बड़ा उछाल है। दरअसल, वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों में लगातार गिरावट से रुपया गुरुवार को शुरुआती कारोबार में 31 पैसे मजबूत होकर अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 94.24 पर पहुंच गया। विदेशी मुद्रा कारोबारियों के अनुसार, डॉलर की कमजोरी और घरेलू शेयर बाजारों में सकारात्मक रुझान ने भी रुपये को समर्थन दिया। हालांकि, विदेशी पूंजी की भारी निकासी के कारण रुपये की बढ़त सीमित रही।

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया, अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 94.30 पर खुला। फिर मजबूत होकर 94.24 प्रति डॉलर पर पहुंच गया जो पिछले बंद भाव की तुलना में 31 पैसे की बढ़त दर्शाता है। रुपया बुधवार को 21 पैसे मजबूत होकर अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 94.55 पर बंद हुआ था।

डॉलर इंडेक्स में आज गिरावट

इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.10 प्रतिशत की गिरावट के साथ 101.50 पर रहा। घरेलू शेयर बाजारों में सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 440.23 अंक चढ़कर 77,435.76 अंक पर जबकि निफ्टी 137.80 अंक की बढ़त के साथ 24,147.60 अंक पर आ गया। अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड का भाव 1.72 प्रतिशत की गिरावट के साथ 72.47 डॉलर प्रति बैरल के आसपास रहा।

शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) बुधवार को शुद्ध बिकवाल रहे थे और उन्होंने 1,843.40 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।

रुपये मजबूत होने से क्या फायदा मिलेगा?

डॉलर के मुकाबले रुपये के मजबूत होने से आयात बिल कम होगा। भारत अपनी जरूरत का करीब 80-85 फीसदी कच्चा तेल विदेशों से खरीदता है, इसलिए डॉलर के मुकाबले रुपया मजबूत होने पर तेल आयात सस्ता पड़ता है। कच्चा तेल सस्ता होने से महंगाई को काबू करने में मदद मिलेगी। इसके अलावा खाद्य तेल, दालें और उद्योगों में इस्तेमाल होने वाला कच्चा माल भी कम कीमत पर आयात होगा, जिससे मैन्युफैक्चरिंग लागत में कमी आएगी और उपभोक्ताओं को राहत मिलेगी। रुपये में मजबूती से विदेशों में पढ़ना और घूमने का खर्च भी कम होगा।

Alok Kumar
आलोक कुमार author

आलोक कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में एसोसिएट एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। इलेक्ट्रॉनिक, डिजिटल और प्रिंट मीडिया में 17 वर्षों से अधिक का व्यापक अनुभव रखने वाले आलोक ने अपने पत्रकारिता करियर में कई प्रमुख कॉर्पोरेट इवेंट्स और चर्चित स्टोरीज कवर की हैं। वह बिजनेस, बैंकिंग, शेयर मार्केट और पर्सनल फाइनेंस पर गहरी समझ रखते हैं और जटिल वित्तीय जानकारियों को सरल, स्पष्ट और पाठक-केंद्रित तरीके से प्रस्तुत करने में माहिर हैं। अब तक आलोक ने लगभग 18,000 स्टोरीज लिखी हैं। उनकी लेखन शैली भरोसेमंद, विश्लेषणात्मक और व्यावहारिक जानकारी देने वाली होती है।

और पढ़ें
End of Article