Rupee vs Dollar: गुरुवार को डॉलर के मुकाबले रुपया थोड़ा मजबूत हुआ और 22 पैसे की बढ़त के साथ 87.58 पर बंद हुआ। इससे पहले बुधवार को रुपया अपने सबसे निचले स्तर 87.80 पर पहुंच गया था। रुपये में यह सुधार ऐसे वक्त में आया है जब अमेरिका ने भारत पर बड़ा झटका देते हुए 1 अगस्त से 25% टैक्स लगाने का ऐलान किया है। इसके अलावा रूस से तेल और हथियार खरीदने पर भी अमेरिका ने भारत को जुर्माना लगाने की चेतावनी दी है।
इन फैसलों से बाजार में हलचल मच गई, लेकिन यह भी माना जा रहा है कि भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने रुपये को संभालने के लिए बाजार में दखल दिया। इससे रुपये को गिरने से कुछ राहत मिली। शुरुआत में रुपया 87.66 पर खुला, दिन में यह 87.74 तक गिरा लेकिन फिर 87.51 तक चढ़कर अंत में 87.58 पर आ गया।
क्या बोले एक्सपर्ट्स?
न्यूज एजेंसी भाषा के मुताबिक आनंद राठी ग्लोबल फाइनेंस के हरसिमरन साहनी ने कहा कि अगर दबाव बना रहा तो रुपया 88 तक भी जा सकता है। RBI बाजार में एक्टिव हो सकता है ताकि अस्थिरता को रोका जा सके।
बाकी बाजार का हाल
- सेंसेक्स में 296 अंकों की गिरावट, बंद हुआ 81,185 पर
- निफ्टी 86 अंक गिरकर 24,768 पर
- कच्चे तेल की कीमत 0.67% घटकर 72.75 डॉलर प्रति बैरल
- विदेशी निवेशकों ने 850 करोड़ के शेयर बेचे
हालांकि ट्रंप के टैक्स फैसले ने भारत को झटका दिया है, लेकिन RBI के सख्त रवैये से रुपये को फिलहाल थोड़ा सहारा मिल गया है। आगे की चाल अमेरिका-भारत के रिश्तों और बाजार के रुख पर निर्भर करेगी।
