क्रिकेट

भारत के खिलाफ दूसरे टेस्ट से पहले श्रीलंका ने चला मास्टर स्ट्रोक, पूर्व दिग्गज की हुई टीम में एंट्री

श्रीलंका क्रिकेट टीम ने भारत के खिलाफ सीरीज के दूसरे और आखिरी टेस्ट मैच से पहले अपने कोचिंग दल में बड़ा बदलाव किया है। 1996 की विश्व कप विजेता टीम के सदस्य रहे दिग्गज खिलाड़ी की बैटिंग कोच के रूप में टीम में एंट्री हुई है।

Image

हसन तिलकरत्ने (फोटो क्रेडिट Sri Lanka Cricket X)

कोलंबो: टीम इंडिया के खिलाफ दो मैच की टेस्ट सीरीज में 0-1 से पिछड़ रही मेजबान श्रीलंका ने दूसरे टेस्ट के आगाज से पहले एक बड़ा ट्रंप कार्ड चला है। श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड ने बड़ा निर्णय करते हुए पूर्व दिग्गज हसन तिलकरत्ने को टीम का बैटिंग कोच नियुक्त किया है। उनकी नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू हो गई है। वो टीम के साथ 31 दिसंबर, 2027 तक जुड़े रहेंगे। तिलकरत्ने श्रीलंका क्रिकेट के नेशनल हाई परफॉर्मेंस सेंटर में राष्ट्रीय टीम के खिलाड़ियों के साथ काम करेंगे।

कोचिंग का है अच्छा खासा अनुभव

59 वर्षीय हसन तिलकरत्ने के पास कोचिंग का अच्छा खासा अनुभव है। वो इससे पहले भी राष्ट्रीय टीम के बैटिंग कोच और महिला टीम के हेड कोच के रूप में काम कर चुके हैं। बांग्लादेश की टीम के साथ भी बतौर हेड कोच वो जुड़े रहे हैं। ऐसे में उनके आने से टीम को निश्चित तौर पर फायदा होगा। वो भी तब जब टीम के कई धाकड़ खिलाड़ी घायल हैं और बल्लेबाज टीम इंडिया के खिलाफ संघर्ष कर रहे हैं।

ऐसा रहा तिलकरत्ने का क्रिकेट करियर

तिलकरत्ने का श्रीलंका के लिए शानदार करियर रहा है। उन्होंने श्रीलंका के लिए करियर में 83 टेस्ट और 200 वनडे मैच खेले हैं। वो साल 1996 में अर्जुन रणातुंगा की कप्तानी में वनडे विश्व कप जीतने वाली टीम के सदस्य भी थे। उन्होंने अपने करियर में 83 टेस्ट में 42.87 के औसत से 4545 रन बनाए जिसमें 11 शतक और 20 अर्धशतक शामिल हैं। नाबाद 204 उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा। वहीं 200 वनडे मैच की 168 पारी में उन्होंने 3789 रन 29.60 के औसत से बनाए इसमें दो शतक और 13 अर्धशतक शामिल हैं।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article