बिजनेस

रुपया अब तक के सबसे निचले स्तर पर बंद, आज डॉलर के मुकाबले इतना टूटा

मिराए एसेट शेयरखान के शोध विश्लेषक अनुज चौधरी ने कहा कि वैश्विक बाजारों में जोखिम से बचने की प्रवृत्ति एवं विदेशी निवेशकों (एफआईआई) की लगातार निकासी से रुपया नकारात्मक रुख के साथ कारोबार करता रहा और कारोबार के दौरान 91 के स्तर से नीचे फिसल गया।

Image

डॉलर बनाम रुपया

भारतीय शेयर बाजार के साथ रुपये में भी गिरावट जारी है। दोनों हर नए दिन के साथ नया लो बना रहे हैं। रुपया मंगलवार को सात पैसे टूटकर अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 90.97 (अस्थायी) के अब तक के सबसे निचले स्तर पर बंद हुआ। मेटल आयातकों से डॉलर की मजबूत मांग और लगातार विदेशी पूंजी की निकासी से निवेशकों की धारणा प्रभावित हुई। विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने बताया कि वैश्विक अनिश्चितता ने जोखिम से बचने की प्रवृत्ति को बढ़ा दिया है और उभरते बाजारों की मुद्राओं पर दबाव बनाए रखा है। इसके अलावा, विदेशी पूंजी की निकासी के कारण घरेलू शेयर बाजार में सुस्ती भी इसकी एक वजह रही। इसके चलते रुपया टूट रहा है।

कारोबार के दौरान 91 के पार पहुंचा

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 90.91 प्रति डॉलर पर खुला। कारोबार के दौरान अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 91.06 पर पहुंच गया। अंत में 90.97 (अस्थायी) प्रति डॉलर के अब तक के निचले स्तर पर बंद हुआ जो पिछले बंद भाव से सात पैसे की गिरावट है।

रुपया सोमवार को 12 पैसे टूटकर अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 90.90 पर बंद हुआ था। रुपया इससे पहले 16 दिसंबर 2025 को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 90.93 के रिकॉर्ड निचले स्तर पर बंद हुआ था।

इस कारण टूट रहा भारतीय रुपया

मिराए एसेट शेयरखान के शोध विश्लेषक अनुज चौधरी ने कहा कि वैश्विक बाजारों में जोखिम से बचने की प्रवृत्ति एवं विदेशी निवेशकों (एफआईआई) की लगातार निकासी से रुपया नकारात्मक रुख के साथ कारोबार करता रहा और कारोबार के दौरान 91 के स्तर से नीचे फिसल गया। हालांकि, कमजोर डॉलर और भारतीय रिजर्व बैंक के हस्तक्षेप ने रुपये की तीव्र गिरावट को रोका। चौधरी ने बताया कि ग्रीनलैंड पर अमेरिका के रुख को लेकर विदेशी पूंजी की निकासी और वैश्विक बाजारों में जोखिम से बचने की प्रवृत्ति से रुपये में नकारात्मक रुख रहने के आसार हैं।

उन्होंने कहा, व्यापार समझौते की बातचीत को लेकर अनिश्चितता रुपये पर दबाव डाल सकती है। हालांकि, कमजोर डॉलर और केंद्रीय बैंक के किसी भी हस्तक्षेप से रुपये को निचले स्तर पर समर्थन मिल सकता है। डॉलर के मुकाबले रुपये के हाजिर भाव के 90.70 से 91.25 के बीच रहने का अनुमान है।

शेयर बाजार में रही बड़ी गिरावट

इसस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.91 प्रतिशत की गिरावट के साथ 98.48 पर रहा। घरेलू शेयर बाजार के मोर्चे पर सेंसेक्स 1,065.71 अंक टूटकर 82,180.47 अंक पर जबकि निफ्टी 353 अंक फिसलकर 25,232.50 अंक पर बंद हुआ। अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड का भाव 63.94 डॉलर प्रति बैरल रहा। शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) सोमवार को बिकवाल रहे थे और उन्होंने शुद्ध रूप से 3,262.82 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।

Alok Kumr
आलोक कुमार author

आलोक कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में एसोसिएट एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। इलेक्ट्रॉनिक, डिजिटल और प्रिंट मीडिया में 17 वर्षों से अधिक का व्यापक अनुभव रखने वाले आलोक ने अपने पत्रकारिता करियर में कई प्रमुख कॉर्पोरेट इवेंट्स और चर्चित स्टोरीज कवर की हैं। वह बिजनेस, बैंकिंग, शेयर मार्केट और पर्सनल फाइनेंस पर गहरी समझ रखते हैं और जटिल वित्तीय जानकारियों को सरल, स्पष्ट और पाठक-केंद्रित तरीके से प्रस्तुत करने में माहिर हैं। अब तक आलोक ने लगभग 18,000 स्टोरीज लिखी हैं। उनकी लेखन शैली भरोसेमंद, विश्लेषणात्मक और व्यावहारिक जानकारी देने वाली होती है।

और पढ़ें
End of Article